नई दिल्ली, रफ्तार। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) जल्द भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच की नियुक्ति करेगा। इसके लिए विज्ञापन भी जारी किया जाएगा। यह जानकारी BCCI सचिव जय शाह ने दी है। शाह ने बताया कि टीम इंडिया के हेड कोच राहुल द्रविड़ का कार्यकाल जून में समाप्त हो जाएगा। अब नए हेड कोच की नियुक्ति की बात से स्पष्ट हो गया है कि बोर्ड उनका कार्यकाल बढ़ाने के बारे में नहीं सोच रहा है। वैसे, जय शाह ने कहा कि द्रविड़ इस पोजिशन पर वापस आना चाहते हैं तो फिर इसके लिए अप्लाई करें।
T20 वर्ल्ड कप के बाद नए हेड कोच की नियुक्ति
जय शाह ने यह भी स्पष्ट किया कि भारतीय टीम का नया हेड भारतीय या विदेशी भी हो सकता है। यही इंसान बैटिंग कोच, बॉलिंग कोच और फील्डिंग कोच का चयन करेंगे। बता दें, जून में ही टी-20 वर्ल्ड कप होना है। इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है। माना जा रहा है कि टी-20 वर्ल्ड कप समाप्त होने के बाद नए हेड कोच की तलाश तेज होगी।
हेड कोच भारतीय ही हो, जरूरी नहीं : शाह
शाह ने कहा कि हम अभी यह ठानकर नहीं बैठ सकते कि हेड कोच भारतीय ही होगा। यह सीएसी पर निर्भर करेगा। BCCI ग्लोबल बॉडी है। इस तरह से BCCI ने इशारा किया है कि अलग-अलग फॉर्मेट के लिए अलग-अलग हेड कोच के बारे में अभी विचार नहीं किया जा रहा है। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने ऐसा करना शुरू किया है।
नए हेड का पहला कार्यकाल तीन साल का रहेगा
अलग-अलग हेड कोच के सवाल पर शाह ने कहा कि टीम में विराट कोहली, रोहित शर्मा और ऋषभ पंत जैसे कई ऑल फॉर्मेट खिलाड़ी हैं तो अलग-अलग हेड कोच अनिवार्य होने की स्थिति नहीं है। शाह ने साफ किया कि नया हेड कोच लंबे समय तक के लिए टीम से जुड़ेगा। उनका पहला कार्यकाल तीन साल का रहेगा।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





