नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने और सीजफायर के ऐलान के बाद भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। बाजार खुलते ही निवेशकों ने जमकर खरीदारी की, जिससे प्रमुख सूचकांक मजबूत बढ़त के साथ खुले।
Sensex-Nifty में शानदार तेजी
BSE Sensex करीब 2674 अंकों की उछाल के साथ 77,290 के स्तर पर खुला, जबकि Nifty 50 761 अंक यानी 3.61 फीसदी की तेजी के साथ 23,855 पर पहुंच गया। बाजार की इस तेजी को हाल के समय की बड़ी उछालों में गिना जा रहा है। दरअसल, अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने ईरान पर संभावित सैन्य कार्रवाई को दो सप्ताह के लिए टालने का ऐलान किया है। इसके साथ ही उन्होंने सीजफायर का प्रस्ताव भी रखा, जिससे वैश्विक स्तर पर तनाव कम हुआ है। ईरान की ओर से भी सैन्य गतिविधियों को रोकने के संकेत मिले हैं, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है।
एशियाई बाजारों में भी दिखी तेजी
इस सकारात्मक माहौल का असर एशियाई बाजारों में भी देखने को मिला। जापान का Nikkei 225 और दक्षिण कोरिया का Kospi बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। वहीं अमेरिकी बाजारों के फ्यूचर्स में भी तेजी दर्ज की गई, जो वैश्विक निवेशकों के सकारात्मक रुख को दर्शाता है। उधर, कच्चे तेल की कीमतों में भी बड़ी गिरावट आई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में WTI और ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर के नीचे आ गए हैं, जिससे महंगाई को लेकर चिंता कुछ कम हुई है। जानकारों का मानना है कि कच्चे तेल में गिरावट और तनाव में कमी से बाजार को आगे भी सपोर्ट मिल सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर वैश्विक हालात इसी तरह सामान्य बने रहते हैं, तो आने वाले दिनों में शेयर बाजार में और मजबूती देखने को मिल सकती है। हालांकि, निवेशकों को उतार-चढ़ाव के बीच सतर्क रहने की सलाह दी गई है।





