नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क । जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए 26 पर्यटकों की मौत के बाद से देश ही नहीं दुनियाभर में आक्रोश देखने को मिला है। वहीं भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा है। ऐसे नाजुक माहौल में भी कुछ ऐसे लोग हैं जिनकी नफरती जुबान खामोश नहीं हो रही ।
घटना का ठीकरा भारत की सेना पर ही फोड़ दिया
कुछ दिन पहले ही पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहीद आफरीदी ने इस आतंकी घटना की निंदा करने के बजाय इसका ठीकरा भारत की सेना पर ही फोड़ दिया था। वहीं भारत से इस घटना में पाकिस्तान का हाथ होने का सबूत भी मांगा था।
अपनी देश के बेटियों की आजादी के भी दुश्मन हैं आफरीदी
पाकिस्तानी होने के नाते उन्हें अपने देश का सपोर्ट करने की बात तो समझ आती है लेकिन आतंकी घटनाओं पर ही इस तरह से पर्दा डालना उनकी स्तरहीन सोच दिखाता है। हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब अफरीदी ने भारत और कश्मीर को लेकर विवादित बयान दिया है। इसके पहले भी वे कई बार अपने बयानों से विवाद में आ चुके हैं। वहीं दूसरी ओर आफरीदी से शांति, मोहब्बत और अमन की बात करना इसलिए भी बेकार है क्योंकि वे अपनी और अपनी देश के बेटियों की आजादी के भी दुश्मन हैं।
बेटियों की खेलने पर लगाई थी पाबंंदी
शाहिद आफरीदी की आत्मकथा पर आधारित किताब ‘गेम चेंजर’ साल 2019 में प्रकाशित की गई थी। इस आत्मकथा में आफरीदी ने खेल, सियासत और निजी जिंदगी को लेकर कई महत्वपूर्ण खुलासे किए थे। इन खुलासों में आफरीदी ने अपनी चार बेटियों के बारे में भी जिक्र किया था। उन्होंने अपनी बेटियों की आजादी पर कई पाबंंद लगा रखे हैं। आत्मकथा में जिक्र है कि वो नहीं चाहते कि उनकी बेटियां घर से बाहर निकलकर कोई खेल का हिस्सा बनें। आफरीदी ने बेटियों के घर से बाहर खेलने को इस्लामिक कानून के खिलाफ बताते हुए कहा था कि वो नहीं चाहते की उनकी बेटियां ऐसा कोई खेल खेलें, जिसे देखकर दर्शक उनपर तालियां बजाएं।
महिला क्रिकेट टीम को लेकर दिया था ये बयान
शाहिद आफरीदी ने 2023 में महिला टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भी महिला खिलाडियों को लेकर घटिया बयान दिया था। उनके ही देश की बेटियां जब देश का मान बढ़ाने मैदान में उतरीं तब उन्होंने विवादित टिप्पणी की थी। एक इंटरव्यू के दौरान अफरीदी ने महिलाओं के क्रिकेट खेलने के सवाल पर जवाब दिया था कि ‘हमारी ख्वातीन के हाथ में मजा बहुत ज्यादा है, तो वो खाना बहुत अच्छा बनाती है।’
भारत और पीएम मोदी पर भी कर चुके अपमानजनक टिप्पणियां
लंदन में एक कार्यक्रम के दौरान साल 2018 में आफरीदी ने कहा था कि भारत कश्मीर पर जबरन कब्जा कर रहा है और वहां मानवाधिकारों का उल्लंघन कर रहा है। इसके अलावा उन्होंने कई बार भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी अपमानजनक टिप्पणियां की हैं। उन्होंने एक बार कहा था कि मोदी सरकार मुसलमानों के खिलाफ साजिशें कर रही है।




