नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। देश में महंगाई ने एक बार फिर आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी के साथ-साथ CNG के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं। वहीं सोना भी लगातार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल, ईरान-अमेरिका तनाव और रुपये की कमजोरी का असर अब सीधे भारतीय बाजार पर दिखाई दे रहा है।
पेट्रोल 3.14 रुपये और डीजल 3.11 रुपये महंगा
देश की तेल कंपनियों ने पेट्रोल की कीमत में 3.14 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3.11 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इसके बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल करीब 98 रुपये प्रति लीटर और डीजल 91 रुपये प्रति लीटर के करीब पहुंच गया है। करीब चार साल बाद ईंधन की कीमतों में इतना बड़ा बदलाव देखने को मिला है।
जानकारों के मुताबिक पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और सप्लाई संकट की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है। इसका सीधा असर भारत की सरकारी तेल कंपनियों पर पड़ा है। कंपनियों को हर दिन हजारों करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा था, जिसके बाद कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया गया।
CNG के दाम भी बढ़े
पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ CNG की कीमतों में भी 2 रुपये प्रति किलो तक का इजाफा किया गया है। दिल्ली में अब CNG 79.09 रुपये प्रति किलो हो गई है, जबकि नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में इसका भाव 87.70 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है। कानपुर में CNG 90.42 रुपये प्रति किलो बिक रही है।
CNG महंगी होने से ऑटो, टैक्सी और बस सेवाओं का किराया बढ़ सकता है। इसके अलावा फल-सब्जी, दूध और दूसरे जरूरी सामानों की ढुलाई महंगी होने से आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।
सोने की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी
ईंधन के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी लगातार तेजी देखने को मिल रही है। दिल्ली में 24 कैरेट सोना करीब 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है। वहीं मुंबई और कोलकाता में भी सोने के दाम रिकॉर्ड स्तर पर बने हुए हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक तनाव, रुपये की कमजोरी और सरकार द्वारा इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाए जाने की वजह से सोने की कीमतों में तेजी आई है। सरकार ने सोने और चांदी पर आयात शुल्क 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया है, जिसका असर बाजार में साफ दिखाई दे रहा है। हालांकि चांदी की कीमतों में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। बाजार में चांदी करीब 2.99 लाख रुपये प्रति किलो के आसपास कारोबार कर रही है।
आगे और बढ़ सकती है महंगाई
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं, तो आने वाले दिनों में महंगाई और तेज हो सकती है। इसका असर सीधे आम आदमी के घर के बजट पर पड़ेगा। खाने-पीने की चीजों से लेकर यात्रा तक, हर क्षेत्र में खर्च बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।





