नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अगर आप सुरक्षित निवेश के साथ गारंटीड रिटर्न चाहते हैं तो पोस्ट ऑफिस की 5 साल वाली टाइम डिपॉजिट स्कीम आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकती है। Post Office FD स्कीम पर फिलहाल 7.5 प्रतिशत सालाना ब्याज दिया जा रहा है। ऐसे में अगर कोई व्यक्ति 5 साल के लिए 2 लाख रुपये जमा करता है तो मैच्योरिटी पर उसे करीब 2.90 लाख रुपये मिल सकते हैं।
पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट स्कीम में ब्याज की गणना तिमाही आधार पर कंपाउंडिंग के जरिए की जाती है। यही वजह है कि लंबी अवधि में निवेशकों को बेहतर रिटर्न मिलता है। 2 लाख रुपये के निवेश पर 5 साल बाद करीब 89,990 रुपये सिर्फ ब्याज के रूप में मिलते हैं और कुल मैच्योरिटी अमाउंट लगभग 2,89,990 रुपये पहुंच जाता है।
इस स्कीम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें सरकार की गारंटी होती है। यानी निवेश पूरी तरह सुरक्षित माना जाता है। इसके अलावा 5 साल की पोस्ट ऑफिस TD स्कीम में निवेश करने पर आयकर अधिनियम की धारा 80C के तहत टैक्स छूट का फायदा भी लिया जा सकता है।
हालांकि निवेश करने से पहले कुछ नियम जानना जरूरी है। पोस्ट ऑफिस के नियमों के मुताबिक 5 साल की TD स्कीम को 4 साल पूरे होने से पहले बंद नहीं किया जा सकता। अगर 4 साल बाद समय से पहले खाता बंद किया जाता है तो बचत खाते के हिसाब से ब्याज दिया जाता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि मौजूदा समय में कई सरकारी बैंकों की तुलना में पोस्ट ऑफिस FD बेहतर ब्याज दे रही है। ऐसे में जो लोग बिना जोखिम के तय रिटर्न चाहते हैं, उनके लिए यह स्कीम मजबूत विकल्प बन सकती है।





