नई दिल्ली, रफ्तार। आईपीएल इतिहास में पहली बार मुंबई इंडियंस का सबसे खराब प्रदर्शन रहा है। टीम लगातार मैच हारी और प्लेऑफ से बाहर हो गई। इसकी वजह पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और मौजूदा कप्तान हार्दिक पांड्या के बीच का मनमुटाव है। यह विवाद आईपीएल से बढ़कर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट तक पहुंच चुका है। दरअसल, टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए रोहित शर्मा और सेलेक्टर अजीत अगरकर पांड्या को टीम में शामिल करने के पक्ष में नहीं थे।
बड़े दबाव की वजह से टीम में किया शामिल
सूत्रों की मानें तो मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर समेत कई चयनकर्ता और कप्तान रोहित भी पांड्या को टीम में चुनने के पक्ष में नहीं थे। हालांकि बड़े दबाव के कारण हार्दिक को टीम में चुने जाने के साथ उन्हें उपकप्तानी भी सौंपी गई। पांच जून को टीम इंडिया आयरलैंड से भिड़ेगी। चार दिन बाद टीम की भिड़ंत पाकिस्तान से होगी। उसके बाद 12 जून को अमेरिका और अंतिम ग्रुप चरण मैच में 15 जून को कनाडा से मुकाबला होगा। अब क्रिकेट फैंस को अंदेशा है कि कहीं इन दोनों खिलाडि़यों की खराब केमिस्ट्री के चलते वर्ल्ड कप भारतीय टीम की जीत का फार्मूला न बिगड़ जाए।
मुंबई इंडियंस टीम में भी पांड्या से ज्यादातर खिलाड़ी खफा
मुंबई इंडियंस दो खेमों में बंटी है। यह ईडन गार्डेंस में केकेआर के विरुद्ध मैच की पूर्व संध्या पर साफ दिखा था। उस दिन रोहित शर्मा प्रैक्टिस के लिए आए तो पांड्या वहां नहीं थे। रोहित प्रैक्टिस के बाद डगआउट के पास रखे आइस बॉक्स पर बैठे थे। वहीं सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा समेत कई खिलाड़ी थे। फिर जब हार्दिक प्रैक्टिस करने के लिए पहुंचे तो रोहित समेत बाकी खिलाड़ी उठकर मैदान की दूसरी छोर पर चले गए। इसका वीडियो भी सामने आया था।
MI में रोहित के ज्यादा समर्थक
मुंबई इंडियंस के अधिकतर भारतीय खिलाड़ी रोहित के पक्ष में हैं। विदेशी खिलाड़ी कप्तान पांड्या के निर्देशों का अच्छी तरह पालन करते हैं। इस खेमेबाजी के कारण मुंबई का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। मुंबई ने पांच ट्रॉफी दिलाने वाले कप्तान रोहित को हटाकर हार्दिक को कमान सौंपी थी तो उसके फैंस को भी निर्णय रास नहीं आया था। शुरुआती मैचों में पांड्या को दर्शकों के गुस्से का शिकार भी होना पड़ा था। उन्हें बुरी तरह से ट्रोल किया गया था। यह विवाद अब तक शांत नहीं हुआ है।
रोहित छोड़ सकते हैं टी20
माना जा रहा कि रोहित टी-20 वर्ल्ड कप के बाद इस फॉर्मेट को अलविदा कह सकते हैं। बोर्ड हार्दिक को टी-20 कप्तान के रूप में देख रहा है। पिछले टी-20 वर्ल्ड कप के बाद हार्दिक को कई टी-20 सीरीज में कप्तानी सौंपी गई है। उनकी अगुआई में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन भी किया था। वैसे, अब माहौल बदला हुआ है।
खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




