नई दिल्ली रफ्तार डेस्क। प्रयागराज में महाकुंभ शुरू होने के बाद अयोध्या में भी भक्तों की संख्या तेजी से बढ़ी है। राम मंदिर में रोजाना लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आ रहे हैं। इससे मंदिर की आय में भी जबरदस्त उछाल आया है।
700 करोड़ से अधिक हुई सालाना आय
राम मंदिर की सालाना आय 700 करोड़ रुपये को पार कर चुकी है। यह देश के सबसे ज्यादा आय अर्जित करने वाले मंदिरों में से एक बन गया है। इसने स्वर्ण मंदिर (अमृतसर), वैष्णो देवी मंदिर (जम्मू-कश्मीर) और शिरडी साईं मंदिर (महाराष्ट्र) को भी पीछे छोड़ दिया है।
प्राण प्रतिष्ठा के बाद लगातार बढ़ रही है श्रद्धालुओं की संख्या
22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। बीते एक साल में 13 करोड़ से अधिक श्रद्धालु अयोध्या दर्शन करने पहुंचे हैं। राम मंदिर में रोजाना लगभग चार लाख श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, दान काउंटरों पर प्रतिदिन 10 लाख रुपये से अधिक का चढ़ावा आ रहा है। इसके अलावा, मंदिर परिसर में रखी दानपात्रियों में भी बड़ी मात्रा में धनराशि जमा हो रही है। प्रयागराज में महाकुंभ शुरू होने के बाद अयोध्या में भी श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हुआ है। बीते एक महीने में 15 करोड़ रुपये से अधिक का दान एकत्र किया गया है। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ दान में और वृद्धि की संभावना है।




