उधमपुर/कटडा, 24 मई (हि.स.)। कोविड-19 के प्रसार को कम करने के लिए किए जा रहे प्रयासों में योगदान देने के लिए, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने सोमवार को कटडा व पैंथल ब्लाॅक में जिला प्रशासन द्वारा स्थापित पंचायत स्तर के कोविड देखभाल केंद्रों के लिए हैंड सैनिटाइजर, फेस मास्क, आदि प्रदान किए। इस संदर्भ में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रमेश कुमार ने कटडा के आध्यात्मिक विकास केंद्र में संबंधितों कोविड देखभाल केंद्रों में जरूरतमंद व्यक्तियों द्वारा उपयोग के लिए सुरक्षात्मक गियर सौंपे। इस अवसर पर बोलते हुए श्राइन बोर्ड के सीईओ ने कहा कि एक बार फिर इस कठिन समय में और कोविड-19 की दूसरी लहर की रोकथाम के लिए समाज में योगदान के रूप में श्राइन बोर्ड ने कटडा ब्लाॅक की 10 ग्राम पंचायतों और पैंथल ब्लाॅक की 8 ग्राम पंचायतों के लिए विभिन्न सामान जिसमें फेस मास्क, सर्जिकल मास्क, हैंड सैनिटाइजर तथा रिफिल आॅफ हैंड सैनिटाइजर प्रदान किया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले एसएमवीडी श्राइन बोर्ड ने नगर समिति कटडा को कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में समर्थन दिया था। एसएमवीडीएसबी ने कटडा शहर के कीटाणुशोधन के लिए समर्पित वाहन उपलब्ध कराए हैं, इसके अलावा नगर समिति कटडा के कर्मचारियों के लिए सुरक्षात्मक गियर उपलब्ध कराए हैं। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीण विकास विभाग रियासी के अधिकारियों ने कटडा और पैंथल प्रखंडों की ग्राम पंचायतों में स्थापित कोविड देखभाल केंद्रों को सुरक्षात्मक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए श्राइन बोर्ड की सराहना की। सीईओ ने आश्वासन दिया कि श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड भविष्य में चिकित्सा उपकरण, दवाएं और सुरक्षात्मक उपकरण आदि उपलब्ध कराने तथा कटडा और आसपास के क्षेत्रों में कोविड देखभाल केंद्रों की स्थापना के लिए सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। हिन्दुस्थान समाचार/रमेश/बलवान




