नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अपना घर खरीदने का सपना पूरा करने के लिए ज्यादातर लोग होम लोन का सहारा लेते हैं। देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक State Bank of India यानी SBI भी ग्राहकों को आकर्षक ब्याज दरों पर Home Loan ऑफर कर रहा है। अगर आप SBI से 50 लाख रुपये का होम लोन लेने की योजना बना रहे हैं, तो सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि इसके लिए आपकी मासिक सैलरी कितनी होनी चाहिए और EMI कितनी बनेगी।
रिपोर्ट के मुताबिक SBI फिलहाल 7.25 फीसदी की शुरुआती ब्याज दर पर होम लोन दे रहा है। 50 लाख रुपये के लोन पर EMI इस बात पर निर्भर करेगी कि आपने कितने साल के लिए लोन लिया है। अगर कोई व्यक्ति 20 साल के लिए 50 लाख रुपये का लोन लेता है, तो उसकी EMI करीब 39 हजार से 40 हजार रुपये के बीच बन सकती है। वहीं 30 साल की अवधि चुनने पर EMI घटकर लगभग 34 हजार रुपये तक आ सकती है।
बैंक आमतौर पर होम लोन देते समय यह देखता है कि आपकी कुल EMI आपकी मासिक आय के 50 से 55 फीसदी से ज्यादा न हो। ऐसे में 50 लाख रुपये का होम लोन लेने के लिए आपकी मासिक सैलरी करीब 70 हजार से 1 लाख रुपये के बीच होनी चाहिए। अगर आपकी पहले से कोई दूसरी EMI चल रही है, तो लोन पात्रता कम हो सकती है।
होम लोन की मंजूरी केवल सैलरी पर ही निर्भर नहीं करती। बैंक आपका CIBIL स्कोर, नौकरी की स्थिरता, उम्र और मौजूदा कर्ज जैसी कई चीजें भी जांचता है। बेहतर क्रेडिट स्कोर होने पर कम ब्याज दर पर लोन मिलने की संभावना बढ़ जाती है।





