नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । शादी, मकान, बच्चों की शिक्षा या गंभीर बीमारी के दौरान पैसों की आवश्यकता बढ़ जाती है। ऐसे समय में इमरजेंसी फंड होना बेहद फायदेमंद साबित होता है, क्योंकि यह वित्तीय संकट को आसान बनाता है और व्यक्ति को बिना तनाव के जरूरी खर्चों का प्रबंध करने में मदद करता है।
आर्थिक जरूरतें पूरी करने के लिए लोग इमरजेंसी फंड का सहारा लेते हैं, लेकिन अगर ऐसा फंड न हो, तो लोग अक्सर बैंक से लोन लेने का विचार करते हैं। हालांकि, लोन पर ब्याज और चुकाने की जिम्मेदारी जुड़ी होती है, जो अतिरिक्त तनाव का कारण बन सकती है।
बैंक लोन मंजूर करने से पहले आपकी वित्तीय स्थिति का गहन अध्ययन करती है, जिसमें प्रमुख रूप से सिबिल स्कोर शामिल होता है। अगर आपका सिबिल स्कोर कम है, तो बैंक लोन देने से मना कर सकती है, जिससे वित्तीय संकट और बढ़ सकता है और अन्य विकल्पों की तलाश करनी पड़ती है।
अगर सिबिल स्कोर कम होने के बावजूद लोन की आवश्यकता है, तो कुछ विकल्प मौजूद होते हैं। ऐसे में आप पर्सनल गारंटी, सह-आवेदक या अधिक ब्याज दर वाले लोन का विकल्प चुन सकते हैं। साथ ही, कुछ विशेष लोन उत्पाद भी होते हैं जो कम सिबिल स्कोर वालों के लिए उपलब्ध होते हैं। आइए जानते हैं इन विकल्पों के बारे में।
1. नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) लोन
अगर बैंक लोन देने से मना कर देता है, तो आप एनबीएफसी (नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी) से लोन ले सकते हैं। एनबीएफसी कंपनियां कम सिबिल स्कोर के बावजूद लोन प्रदान करती हैं, लेकिन ध्यान रहे कि इनकी ब्याज दरें बैंक से ज्यादा हो सकती हैं। इसलिए लोन लेने से पहले ब्याज दरों और शर्तों की पूरी जानकारी लेना जरूरी है।
2. गोल्ड लोन
अगर आपके पास सोना या गोल्ड ज्वेलरी है, तो आप गोल्ड लोन ले सकते हैं। गोल्ड लोन की ब्याज दरें बैंक लोन की तुलना में कम होती हैं, और इसमें सिबिल स्कोर का भी कोई प्रभाव नहीं पड़ता। यह एक आसान और त्वरित विकल्प है, खासकर जब आपको बिना किसी वित्तीय जटिलता के तुरंत धन की जरूरत हो।
3. एफडी लोन
अगर आपने बैंक में एफडी (फिक्स्ड डिपॉजिट) करवा रखा है, तो आप एफडी लोन के लिए अप्लाई कर सकते हैं। इस लोन के लिए आपका सिबिल स्कोर नहीं देखा जाता है, और आप अपनी एफडी राशि का लगभग 90 प्रतिशत तक लोन आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। यह एक सुरक्षित और बिना किसी बड़े जोखिम के लोन विकल्प है।
4. जॉइंट लोन
अगर आपके सिबिल स्कोर में कमी है, तो आप अपने किसी परिचित या ऐसे व्यक्ति जिनका सिबिल स्कोर अच्छा हो, उनके साथ जॉइंट लोन ले सकते हैं। इस लोन के लिए दोनों की आय और क्रेडिट इतिहास को ध्यान में रखा जाता है। हालांकि, इसके लिए सामने वाले व्यक्ति की सहमति और सह-हस्ताक्षर की आवश्यकता होती है।





