नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अगर आपका खाता भारतीय स्टेट बैंक यानी SBI में है तो अगले कुछ दिनों में बैंक से जुड़े जरूरी काम जल्द निपटा लेना बेहतर होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक 23 मई से 28 मई 2026 तक SBI की कई शाखाएं लगातार 6 दिन तक बंद रह सकती हैं। इसकी वजह वीकेंड, कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल और बकरीद की छुट्टियां बताई जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार 23 मई को महीने का चौथा शनिवार और 24 मई को रविवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 25 और 26 मई को SBI कर्मचारियों की दो दिवसीय प्रस्तावित हड़ताल हो सकती है। वहीं 27 और 28 मई को कई राज्यों में बकरीद के चलते बैंक अवकाश रहेगा। जम्मू-कश्मीर समेत कुछ राज्यों में दो दिन की छुट्टी घोषित की गई है।
ऑल इंडिया स्टेट बैंक स्टाफ फेडरेशन ने भर्ती प्रक्रिया, आउटसोर्सिंग, करियर प्रोग्रेशन और NPS फंड मैनेजर से जुड़े मुद्दों को लेकर हड़ताल का ऐलान किया है। अगर हड़ताल होती है तो ब्रांच से जुड़े कई काम प्रभावित हो सकते हैं।
हालांकि SBI की डिजिटल सेवाएं जैसे इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, ATM और UPI सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे नकद निकासी, चेक जमा, पासबुक अपडेट और अन्य जरूरी काम पहले ही पूरा कर लें ताकि बाद में परेशानी न हो।





