नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज डेस्क। India Tour Of India 2023, Jasprit Bumrah Likely To Be Captain Ireland Series: टीम इंडिया इन दिनों वेस्टइंडीज के दौरे पर है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के बाद टीम इंडिया आयरलैंड दौरे पर जाएगी। आयरलैंड में भारतीय क्रिकेट टीम को तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। आयरलैंड में टीम इंडिया को एक नया कप्तान मिलेगा, क्योंकि इस सीरीज में हार्दिक पांड्या को आराम दिया जा सकता है।
भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के बाद एशिया कप की तैयारी के लिए एक हफ्ते के कैंप का सजेशन दिया है। इसी बीच 18, 20 और 23 अगस्त को टीम इंडिया को आयरलैंड से तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है। ऐसे में हार्दिक पांड्या एशिया कप की तैयारी वाले कैंप में रहेंगे और उनकी जगह आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में कोई और प्लेयर कप्तानी करते हुए नजर आ सकता है।
जसप्रीत बुमराह को मिल सकती है कमान
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आयरलैंड के खिलाफ सीरीज से भारतीय टीम में वापसी करने वाले जसप्रीत बुमराह टीम की कप्तानी संभाल सकते हैं। बता दें कि वह तेजी से फिट हो रहे हैं और उनका आयरलैंड के खिलाफ खेलना लगभग तय है। इस सीरीज से वह एशिया कप के लिए तैयारी भी कर सकते हैं।
पहले इस खिलाड़ी के कप्तान बनने की आई थी खबर
इससे पहले कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि टी20 टीम के उपकप्तान सूर्यकुमार यादव को आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में टीम की कप्तानी करते दिखेंगे। इसके पीछे यह कारण भी बताया गया था कि अगर श्रेयस अय्यर फिट हो जाते हैं तो सूर्या को एशिया कप की टीम में जगह मिलना मुश्किल होगा। बता दें कि इस बार एशिया कप 50 ओवर के फॉर्मेट में खेला जाना है।




