नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारतीय टीम ने शानदार आगाज किया। अपने पहले मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को हराकर जीत दर्ज की। कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने अच्छी शुरुआत दी, लेकिन विराट कोहली बड़ा स्कोर नहीं बना सके। रोहित शर्मा ने 36 गेंदों में 41 रन बनाए, जबकि विराट कोहली 38 गेंदों में केवल 22 रन ही बना सके। पिछले कुछ समय से दोनों दिग्गजों का फॉर्म टीम के लिए चिंता का कारण बना हुआ है।
अनिल कुंबले ने कोच गंभीर को दिए कड़े संकेत
पूर्व कोच अनिल कुंबले ने मौजूदा मुख्य कोच गौतम गंभीर को ‘विरासत खिलाड़ियों’ पर सख्त फैसला लेने का सुझाव दिया। ईएसपीएनक्रिकइन्फो से बात करते हुए उन्होंने कहा,”किसी भी कोच के लिए यह मुश्किल होता है, लेकिन टीम में बदलाव जरूरी होते हैं। यह टूर्नामेंट तय करेगा कि सीनियर खिलाड़ियों का भविष्य क्या होगा। कुंबले का मानना है कि चैंपियंस ट्रॉफी के बाद भारत को 2027 वनडे विश्व कप की ओर देखना चाहिए। उन्होंने कहा,”अगर आपको एक मजबूत टीम बनानी है तो खिलाड़ियों को लगातार 20-25 मैच एक साथ खेलने चाहिए। यह समय यह तय करने का है कि कौन से सीनियर खिलाड़ी आगे भी खेलेंगे या क्या हमें युवा खिलाड़ियों को मौका देना चाहिए।
गंभीर को जल्द ही लेने होंगे फैसले
अनिल कुंबले का मानना है कि गौतम गंभीर के पास अब एक नई, युवा टीम बनाने का मौका है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 में भारत ने अच्छा प्रदर्शन किया है, अब वनडे के लिए भी मजबूत टीम तैयार करनी होगी। चैंपियंस ट्रॉफी के बाद भारतीय टीम के लिए कई बड़े फैसले लेने होंगे। गौतम गंभीर को तय करना होगा कि क्या सीनियर खिलाड़ी अगले विश्व कप तक खेल पाएंगे या फिर टीम को युवा खिलाड़ियों के हवाले करना होगा।




