नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का धमाकेदार आगाज किया। पहले मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 6 विकेट से हराकर जीत दर्ज की। मोहम्मद शमी के शानदार 5 विकेट और शुभमन गिल की शतकीय 101 रन पारी की बदौलत टीम इंडिया ने 229 रनों के लक्ष्य को 21 गेंद पहले हासिल कर लिया। लेकिन इस मैच के दौरान एक और चीज चर्चा का विषय बनी – भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन और उनके साथ बैठी विदेशी महिला।
चैंपियंस ट्रॉफी के ब्रांड एम्बेसडर हैं शिखर धवन
शिखर धवन इस टूर्नामेंट के ब्रांड एम्बेसडर हैं और भारत-बांग्लादेश मैच देखने के लिए दुबई पहुंचे थे। स्टैंड में उनके साथ एक विदेशी महिला दिखी, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई। फैंस के बीच सवाल उठने लगे कि यह महिला कौन है और क्या धवन किसी को डेट कर रहे हैं, शिखर धवन कुछ समय पहले ही अपनी पत्नी आयशा मुखर्जी से तलाक ले चुके हैं। उनका बेटा फिलहाल अपनी मां के साथ ऑस्ट्रेलिया में रहता है। तलाक के बाद से ही धवन अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में रहे हैं। कुछ महीनों पहले भी उन्हें एयरपोर्ट पर एक विदेशी महिला के साथ देखा गया था
कौन है ये मिस्ट्री गर्ल?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस महिला का नाम सोफी है और शिखर धवन उन्हें इंस्टाग्राम पर फॉलो भी करते हैं। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों अच्छे दोस्त हैं। हालांकि, यह कहना जल्दबाजी होगी कि वे एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं या सिर्फ अच्छे दोस्त हैं।
[EMBED]
Shikhar Dhawan enjoying India vs Bangladesh 😎 pic.twitter.com/Z3SJbPqn8C
— Ctrl C Ctrl Memes (@Ctrlmemes_) February 20, 2025
शिखर धवन की पर्सनल लाइफ
2012 में शिखर धवन ने आयशा मुखर्जी से शादी की थी, जो उनसे उम्र में बड़ी थीं। शादी के कुछ सालों बाद दोनों के बीच रिश्ते में खटास आ गई और आखिरकार उन्होंने तलाक ले लिया। इसके बाद से ही शिखर धवन सिंगल लाइफ जी रहे हैं। उन्होंने कई बार अपने बेटे से अलग होने का दुख भी जाहिर किया है। शिखर धवन को सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव देखा जाता है। वे अक्सर मजाकिया पोस्ट शेयर करते रहते हैं और अपनी जिंदगी के हंसी-खुशी भरे पलों को फैंस के साथ साझा करते हैं। इस बार भी उनकी तस्वीरों ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है। अब देखना होगा कि धवन खुद इस बारे में कोई प्रतिक्रिया देते हैं या नहीं। फिलहाल, भारत की शानदार जीत और शिखर धवन की मिस्ट्री गर्ल दोनों ही फैंस के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।




