नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। Paris Olympics 2024 में शानदार प्रदर्शन के बाद बारी है पेरिस पैरालंपिक में भारत का झंडा फहराने की। आज इसका आगाज हो जाएगा जिसके उद्घाटन समारोह में 100 से अधिक भारतीय सदस्यों का दल शामिल होगा। भारत की ओर से इस समारोह का नेतृत्व भालाफेंक खिलाड़ी सुमित अंतिल और शॉटपुट खिलाड़ी भाग्यश्री जाधव करेंगे। इस दल में 52 खिलाड़ी होंगे जबकि 54 अन्य संबधित सदस्य शामिल रहेंगे। यह पहला मौका होगा जब यह आयोजन स्टेडियम से बाहर आयोजित किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह में शामिल नही होंगे ये खिलाड़ी
पेरिस पैरालंपिक के उद्घाटन समारोह में कुछ खिलाड़ी शामिल नही होंगे। भारतीय पैरालंपिक समिति के अध्यक्ष देवेंद्र झाझरिया ने बताया- ’29 अगस्त को जिन खिलाड़ियों के मुकाबले हैं वे खिलाड़ी इस समारोह से दूर रहेंगे। इसी कारण निशानेबाजी टीम इस समारोह से दूरी बनाएगी। उद्घाटन समारोह में 52 खिलाड़ी और 54 अधिकारी समेत 106 सदस्य हिस्सा लेंगे।’
84 खिलाड़ियों समेत 179 भारतीय सदस्य होंगे शामिल
पेरिस पैरालंपिक में 179 सदस्यीय भारतीय दल शामिल होगा जिसमें 84 सदस्यीय टीम खिलाड़ियों की है जबकि 95 अधिकारी हैं। इन 95 अधिकारियों में 77 टीम अधिकारी शामिल हैं और 9 दल के चिकित्सा अधिकारी है जो खिलाड़ियों की विशेष जरूरतों की देख रेख करेंगे।
टोक्यो पैरालंपिक 2021 में किया था शानदार प्रदर्शन
भारत ने टोक्यो पैरालंपिक 2021 में 5 गोल्ड मेडल, 8 सिल्वर मेडल और 6 ब्रॉन्ज मेडल जीते थे। यह ऐसा मौका था जब भारत नें पैरालंपिक के इतिहास में सबसे शानदार प्रदर्शन किया था। 2016 रियो पैरालंपिक में भारतीय दल केवल 4 मेडल जीतने में कामयाब रहा था जिसके मुकाबले 2021 में जीते गए पदक 5 गुना हैं। इस प्रदर्शन की बदौलत भारत नें 24वें स्थान पर अपना सफर खत्म किया था। टोक्यो में भारतीय टीम ने 9 खेलों में भाग लिया था जबकि इस बार 12 खेलों में भाग ले रहा है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि इस बार पदकों की संख्या में अच्छी खासी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।





