नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज डेस्क। आईसीसी वीमेंस इमर्जिंग एशिया कप इन दिनों हांग कांग में खेला जा रहा है। इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया अब तक केवल एक मैच ही खेल सकी है। भारत और श्रीलंका के बीच होने वाला इस टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल मुकाबला रद्द कर दिया गया है।
सेमीफाइनल मुकाबला हुआ रद्द
भारत ए और श्रीलंका ए के बीच पहला सेमीफाइनल मुकाबला एक बार फिर बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत ने मेजबान हांगकांग पर एकमात्र जीत के साथ ग्रुप ए में शीर्ष पर रहते हुए अब 2023 इमर्जिंग महिला टी20 एशिया कप फाइनल में जगह बना ली है। अब टीम इंडिया का सामना बुधवार को खिताबी मुकाबले के लिए बांग्लादेश ए और पाकिस्तान ए के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा।
टीम इंडिया पहुंची फाइनल में
इससे पहले यह मुकाबला सोमवार को खेला जाना था लेकिन बारिश के कारण इसे रिजर्व डे पर यानी कि आज मंगलवार को रखा गया था। लेकिन बारिश के कारण यह मुकाबला आज भी नहीं हो सका। हांग कांग के खिलाफ पहले मैच में मिली षानदार जीत का फायदा टीम इंडिया को मिला है, ग्रुप A में टॉप पर रहने रे कारण टीम इंडिया अब सीधा फाइनल में पहुंच सकती है।
भारत ने खेला केवल एक मैच
महिला इंडिया-ए की टीम ने अपना पहला लीग मैच महिला हांग कांग के साथ खेला था, जिसमें टीम इंडिया को 9 विकेट से शानदार जीत मिली थी। इसके बाद दूसरा मुकाबला महिला नेपाल के खिलाफ और तीसरा महिला पाकिस्तान-ए के खिलाफ होने वाला था। बाकी के दोनों मैच बारिश के चलते रद्द कर दिए गए। वहीं अब सेमीफाइनल भी बारिश के कारण रद्द कर दिया गया है।




