नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। गौतम गंभीर (Coach Gautam Gambhir) की कोचिंग वाली टीम इंडिया के लिए टेस्ट मैच के लिहाज से सबसे बुरा दौर चल रहा है। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में भारत को 3-0 से हार का सामना करके क्लीन स्वीप का शिकार होना पड़ा। इसके बाद अब टीम इंडिया को बॉर्डर गावस्कर सीरीज खेलने के लिए ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर जाना है जहां खिलाड़ियों के साथ-साथ कोच गौतम गंभीर की भी अग्नि परीक्षा होगी। किसी भी परिस्थिति में भारत सीरीज जीतने में नाकामयाब रहता है तो गंभीर से टेस्ट कोचिंग छीनी जा सकती है।
…तो चली जाएगी गौतम गंभीर की कुर्सी
न्यूजीलैंड सीरीज में हार का सामना करने के बाद अगर भारत बॉर्डर गावस्कर सीरीज (Border Gavaskar Series) भी हार जाता है तो यह भारत के लिए झटका तो होगा ही बल्कि कोच गौतम गंभीर की कुर्सी पर भी खतरा हो जाएगा। खराब प्रदर्शन के चलते गंभीर को टेस्ट क्रिकेट की हेड कोच के पद से बर्खास्त किया जा सकता है। वैसे तो अभी गंभीर तीनों फॉर्मेट में तीन फॉर्मेट की कोचिंग कर रहे हैं लेकिन बीसीसीआई (BCCI) रेड बॉल क्रिकेट में अलग कोच नियुक्त करने की तैयारी में है। अगर ऐसा होता है तो पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण को टेस्ट क्रिकेट की कमान सौंपी जा सकती है।
गौतम गंभीर को दे दिया गया है अल्टीमेटम?
प्रतिष्ठित मीडिया एजेंसी के हवाले से खबर सामने आई थी कि न्यूजीलैंड के खिलाफ शर्मनाक हार के बाद BCCI ने गौतम गंभीर को इंप्रूवमेंट प्लांस सौंपने को कहा था। 6 घंटे चली रिव्यू मीटिंग के दौरान गौतम गंभीर से कड़े सवाल पूछे गए और उनकी कोचिंग शैली को लेकर भी चर्चा हुई। रिव्यू मीटिंग में बीसीसीआई ने बुमराह की तीसरे टेस्ट मैच में अनुपस्थिति पर आपत्ति जताई।





