नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। साल 2026 में 23 जुलाई से 2 अगस्त तक ग्लास्गो में कॉमनवेल्थ गेम्स (Commonwealth Games 2026) का आयोजन होना है। ग्लास्गो ने इससे पहले 2014 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की थी। हालांकि आयोजन से पहले ही भारत की उम्मीदों को तगड़ा झटका लगा है। ग्लास्गो ने एथलेक्टिक्स, तैराकी और जिमनास्टिक जैसे 10 खेलों के मंजूरी दी है जबकि हॉकी, कुश्ती, क्रिकेट और निशानेबाजी जैसे खेलों को मंजूरी नहीं दी है। भारत के नजरिए से यह तगड़ा झटका इसलिए बताया जा रहा है क्योंकि यह वो प्रमुख कैटेगरी हैं जिसमें भारत सबसे ज्यादा मेडल्स अपने नाम करता है।
किन खेलों के मिली मंजूरी और किन्हें किया बाहर
CWG महासंघ ने बयान जारी कर कहा- खेल कार्यक्रम में एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स (ट्रैक एवं फील्ड), तैराकी और पैरा तैराकी, कलात्मक जिम्नास्टिक, ट्रैक साइक्लिंग और पैरा ट्रैक साइक्लिंग,और पैरा ट्रैक साइक्लिंग, नेटबॉल, भारोत्तोलन और पैरा पावरलिफ्टिंग, मुक्केबाजी, जूडो, बाउल्स और पैरा बाउल्स, 3×3 बास्केटबॉल और 3×3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल को शामिल किया गया है”। जबकि कुश्ती, क्रिकेट, हॉकी जैसे अहम खेलों को CWG 2026 से दूर रखा गया है।
इन खेलों को क्यों हटाया गया?
हॉकी को इसलिए हटाया गया है कि क्योंकि कॉमनवेल्थ गेम्स के 2 हफ्ते बाद हॉकी विश्व कप का आयोजन होना है जो कि 15 अगस्त से 30 अगस्त के बीच खेला जाएगा। हालांकि यह उन टीमों के लिए झटका है जो हॉकी में अच्छा प्रदर्शन करती आई हैं। इसके अलावा शूटिंग और कुश्ती को भी हटाया गया है। इसके पीछे आयोजनकर्ताओं ने बताया कि सभी प्रतियोगिताओं के लिए वेन्यू 12 किलोमीटर की रेंज में है जबकि शूटिंग रेंज और रेसलिंग रिंग शहर से करीब 100 किलोमीटर दूर है। इसके आलावा पैसे की कमी के कारण भी हटाया गया है।





