नई दिल्ली, रफ्तार। दिवाली और छठ पर बिहार जाने वाली ट्रेनों मे अभी से कंफर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं। डिब्रुगढ़ राजधानी, पटना राजधानी, श्रमजीवी एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस, भागलपुर व जयनगर गरीब रथ सहित बिहार के अधिकांश शहरों को जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट शुरू हो गई है। कई यात्रियों की शिकायत है कि ऑनलाइन टिकट बुक करने के दौरान होने वाली परेशानी के चलते कंफर्म टिकट नहीं ले पाते हैं। ऐसी ही परेशानी तत्काल में टिकट लेने के दौरान भी होती है।
दिल्ली-बिहार रूट पर हर दिन चलती हैं 800 ट्रेनें
आईआरसीटीसी अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों का सफर सुगम बनाने के लिए रेलवे क्लोन और स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। मूल ट्रेन के रवाना होने के बाद क्लोन ट्रेनें चलाई जाती हैं। नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, आनंद विहार और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों से हर दिन औसतन 800 ट्रेनें खुलती हैं। इनमें 10 लाख से अधिक लोग सफर करते हैं। अभी दिवाली और छठ के दौरान पूर्व दिशा में जाने वाली लगभग सभी ट्रेनों की सीट फुल हो चुकी हैं।
एरर या अमान्य आईडी का मैसेज आने से बुकिंग में दिक्कत
भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आइआरसीटीसी) की वेबसाइट और मोबाइल एप से टिकट लेने में भी यात्रियों को दिक्कत हो रही हैं। यात्रियों की शिकायत है कि भुगतान करने के दौरान एरर या अमान्य आईडी का मैसेज आता है, जिससे वह समय पर टिकट बुक नहीं कर पाते हैं।
120 दिन पहले शुरू हो जाती है बुकिंग
दरअसल, एक नवंबर को दिवाली है। इसके पहले से ट्रेनों में भीड़ बढ़ने लगती है। आरक्षित कोच के लिए ट्रेन के चलने की तारीख से 120 दिन पहले सीटों की बुकिंग शुरू होती है। ऐसे में टिकट की बुकिंग शुरू होते सभी सीटें बुक हो जा रही हैं। उत्तर रेलवे के दिल्ली डिवीजन के डीआरएम सुखविंदर सिंह के अनुसार सभी रूटों पर ट्रेनों में भीड़ की समीक्षा कर जरूरत के अनुसार क्लोन और विशेष ट्रेनों की घोषणा की जाएगी। इसके अलावा जनरल और स्लीपर के नए कोच बनाए जा रहे हैं। विशेष ट्रेनों को चलाने में इन कोच का इस्तेमाल किया जाएगा।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




