नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी और अखिलेश यादव की जोड़ी ने मिलकर कमाल ही कर दिया था। लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम आने के बाद दोनों बड़े नेताओं ने मीडिया की खूब सुर्खियां बटोरी थी। अब सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों बड़े नेता उतर प्रदेश में 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में मिलकर चुनाव लड़ने पर विचार कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा के उपचुनाव में गठबंधन के तहत समाजवादी पार्टी 7 विधानसभा सीटों और कांग्रेस 3 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ सकती है।
उपचुनाव लड़ने की खबर पर सूत्र मोहर लगा रहे है
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव संसद सत्र के बाद उत्तर प्रदेश में 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर मुलाकात कर सकते हैं। दोनों नेताओं की पार्टी का उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव लड़ने की खबर पर सूत्र मोहर लगा रहे है। इसका मतलब इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा के उपचुनाव को दोनों पार्टी गठबंधन के तहत लड़ने जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस हरियाणा और महाराष्ट्र में भी समाजवादी पार्टी के लिए कुछ सीटें छोड़ने पर विचार कर रही है।
अब योगी को सोच समझकर आगे की रणनीति बनानी होगी
उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा की सीटें जिसमे उपचुनाव होने हैं, इसमें करहल, कटेहरी, मिल्कीपुर, गाजियाबाद, कुंदरकी, फूलपुर, मीरापुर, खैर, सीसामऊ और मंझवा शामिल है। इन 10 विधानसभा की सीटों में से 5 विधानसभा की सीटें समाजवादी पार्टी के पास थी, वहीं बीजेपी के पास तीन विधानसभा की सीटें थी, जबकि निषाद पार्टी और RLD के पास 1-1 विधानसभा सीट थी।
अगर उत्तर प्रदेश की इन 10 विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन करके चुनाव लड़ते हैं तो ऐसे में योगी आदित्यनाथ के लिए थोड़ी मुश्किल जरूर खड़ी हो सकती है। क्योंकि राहुल गांधी और अखिलेश यादव की जोड़ी लोकसभा चुनाव में यूपी बीजेपी को पहले ही बड़ा झटका दे चुकी है। ऐसे में अब योगी आदित्यनाथ को सोच समझकर आगे की रणनीति बनानी होगी।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




