नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में बीजेपी विधायक योगेश वर्मा को लोगों ने पुलिस के सामने ही दौड़ा-दौड़ा कर पीट दिया। इस दौरान पुलिस विधायक को बचाने के लिए मशक्कत करती रही, लेकिन लोगों ने विधायक को जमीन पर गिराकर मारपीट की। हालांकि पुलिस ने किसी तरह विधायक योगेश वर्मा को बचाकर वहां से सुरक्षित निकाल लिया। विधायक के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। जिसपर लोग तरह तरह के कमेंट कर रहे हैं।
क्या है मामला?
यह पूरा मामला अर्बन कॉपरेटिव बैंक चुनाव को लेकर शुरू हुआ। इस चुनाव में एक पक्ष से निवर्तमान चेयरमैन पुष्पा सिंह मैदान में हैं। तो दूसरी तरफ पूर्व चेयरमैन मनोज अग्रवाल के समर्थन से राजू अग्रवाल मैदान में हैं। दोनों आज अपने लोगों के साथ नामांकन करने पहुंचे थे।
बकौल विधायक नामांकन के लिए पहुंचे राजू अग्रवाल का नामांकन पर्चा वकीलों ने फाड़ दिया। इस दौरान राजू अग्रवाल के साथ मारपीट भी की गई। जब इसकी जानकारी उन्हें लगी तो वो भी मौके पर पहुंचे। जिसे देखकर पुष्पा सिंह के पति और बार संघ अध्यक्ष अवधेश सिंह गुस्सा हो गए। इस दौरान उनकी अवधेश सिंह के साथ कहासुनी हो गई। जिसपर अवधेश सिंह और उनके समर्थकों ने उन्हें घेर कर मारपीट की।
मारपीट का वीडियो वायरल
विधायक के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें बीजेपी विधायक के साथ मारपीट की जा रही है। वहीं विधायक के गनर और पुलिसकर्मी उन्हें बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
सपा हुई हमलावर
बीजेपी विधायक के साथ मारपीट के बाद समाजवादी पार्टी बीजेपी पर हमलावर हो गई है। धौरहरा से समाजवादी पार्टी के सांसद अरविंद भदौरिया ने कहा कि अर्बन कॉपरेटिव बैंक के चुनाव में जिला प्रशासन गुंडागर्दी पर उतर आया है। जब सत्ता पक्ष का विधायक सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की क्या ही सुरक्षित होगी।





