नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। हरियाणा विधानसभा चुनाव के परिणामों पर सभी की सुबह से नजर बनी हुई थी, चुनाव आयोग के शुरूआती रुझान से भाजपा को बड़ा झटका लगा था। कांग्रेस अपनी बढ़त बनाए हुए थी। जिससे कांग्रेस में काफी खुशी का महौल था। लेकिन फिर चुनाव आयोग के रुझानों में भाजपा को बढ़त मिली और वो कायम रही। अब चुनाव आयोग के रुझानों में भाजपा ने बहुमत के साथ बढ़त हासिल कर ली है। कुछ दी देर में चुनाव आयोग इसकी अधिकारिक घोषणा कर देगा।
कांग्रेस ने भी अपनी हार स्वीकार कर ली है
कांग्रेस ने भी अपनी हार स्वीकार कर ली है। कांग्रेस मुख्यालय में सन्नाटे का माहौल बन गया है। वहीं भाजपा हरियाणा में लगातार तीसरी बार जीत की ओर बढ़ रही है। बीजेपी हरियाणा में मिल रही बड़ी जीत को लेकर काफी उत्साहित है। वे खुशी के इस पल को मनाने से चुकना नहीं चाहते हैं। बीजेपी हरियाणा विधानसभा चुनाव में मिल रही बड़ी जीत को लेकर दिल्ली पार्टी मुख्यालय में जश्न की तैयारी में लगी हुई है। जानकारी के अनुसार बीजेपी के इस जश्न में प्रधानमंत्री मोदी भी शामिल होंगे। बीजेपी ने आज शाम 7 बजे दिल्ली के मुख्यालय में जश्न मनाने का निर्णय लिया है।
दिल्ली मुख्यालय में 100 किलो जलेबी का आर्डर भी दे दिया है
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इसके लिए बीजेपी ने दिल्ली के मुख्यालय में 100 किलो जलेबी का आर्डर भी दे दिया है। यही नहीं जैसे ही बीजेपी को हरियाणा विधानसभा चुनाव में बहुमत के साथ बढ़त मिलने की खबर मिली थी, उसी समय बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने पार्टी के महासचिवों की बैठक बुलाई थी। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में हरियाणा विधानसभा चुनाव के परिणामों के साथ साथ आगे की रणनीति पर चर्चा की जा रही थी। लेकिन जो भी हो इस समय बीजेपी के लिए काफी बड़ी खुशी का समय है। शाम को पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं का दिल्ली मुख्यालय पर तांता लगने वाला है।




