नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। जयपुर नगर निगम इस समय अपने अलग अंदाज को लेकर चर्चा में है। नगर निगम की सरकारी वेबसाइट पर शिकायत वाले सेक्शन में कचरा हटवाना है, जमादार काम नहीं करता, छोटा जानवर मरा हुआ है, कुत्ता मर गया है, सुअर मर गया है…..आदि ऑप्शन दिया हुआ है। जिसके बाद से सोशल मीडिया पर इस वेबसाइट का स्क्रीनशॉट खूब वायरल हो रहा है।
शिकायत के ऑप्शन हिंग्लिश में लिखे गए हैं
दरअसल जयपुर नगर निगम की ऑफिशियल वेबसाइट पर साफ-सफाई और जानवरों इत्यादी कि शिकायत के कुछ ऑप्शन हिंग्लिश में लिखे गए हैं। यानी हिंदी के वाक्य अंग्रेजी में लिखे गए हैं। अगर किसी व्यक्ति के गली-मोहल्ले में कोई कुत्ता मर गया है तो वहां पर शिकायत करने के ऑप्शन में कुत्ता मर गया है लिखा गया है, सुअर की समस्या है तो सुअर बहुत हो गए हैं जैसे ऑप्शन दिए गए हैं।
कचरा हटवाना है….रोड पर गंदा पानी बह रहा है
इसके अलावा साफ-सफाई से जुड़ी शिकायतों के लिए भी हिंग्लिश में ही ऑप्शन दिए गए हैं। जैसे कचरा हटवाना है, जमादार काम नहीं कर रहा है, रोड पर गंदा पानी बह रहा है, बिल्डिंग मैटेरियल डाल रखा है, सुअर मर गया है, खाली प्लॉट पर कचरा पड़ा हुआ है आदि। हालांकि चर्चा में आने के बाद इस वेबसाइट में बदलाव कर दिया गया है। अब जानवरों से जुड़ी शिकायतें अब अंग्रेजी में दिख रही हैं लेकिन सफाई वाले सेक्शन में अभी भी हिंग्लिश वाक्य हैं।
लोग नगर निगम की कर रहे तारीफ
सोशल मीडिया पर जयपुर नगर निगम की इस वेबसाइट की खूब चर्चा हो रही है। कुछ लोग हिंग्लिश में इस समस्या के लिखे जाने पर नगर निगम की तारीफ कर रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि नगर निगम ने साफ-साफ ऑप्शन दे रखे हैं ताकि लोगों को किसी प्रकार की कोई समस्या ना हो। वहीं कुछ लोग इसका मजाक भी बना रहे हैं।
एक्स पर खूब चल रही चर्चा
वर्णित नाम के एक यूजर ने एक्स पर लिखा है कि प्राचीन समस्याओं का आधुनिक समाधान। वहीं कमल नाम के एक यूजर ने लिखा है कि ऐसा यूजर फ्रेंडली वेबसाइट मैने आजतक नहीं देखा। जिसमें कॉमन लोगों की भाषा का इस्तेमाल किया गया हो। वहीं केआर नामक एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में स्माइल इमोजी के साथ लिखा है कि इसमें मच्छर वाला ऑप्शन तो है ही नहीं। वहीं एक यूजर ने लिखा है कि सीधी बात नो बकवास।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




