नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में प्रधानमंत्री पद का चेहरा कौन होगा इस सवाल पर अब तक तस्वीर साफ मानी जा रही थी। आम धारणा यही थी कि राहुल गांधी ही कांग्रेस का PM फेस होंगे। लेकिन अब उत्तर प्रदेश से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के एक बयान ने दिल्ली से लखनऊ तक राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है।
इमरान मसूद के बयान से मचा सियासी शोर
बीजेपी की ओर से प्रियंका गांधी वाड्रा को लेकर उठाए गए सवाल पर जवाब देते हुए कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा,“पहले प्रियंका गांधी को प्रधानमंत्री बनाइए, फिर देखिए वह इंदिरा गांधी की तरह कैसे जवाब देती हैं। इस बयान के बाद यह चर्चा तेज हो गई कि क्या कांग्रेस अब प्रधानमंत्री पद के चेहरे पर नए सिरे से सोच रही है।
राहुल और प्रियंका को अलग-अलग न देखें
जब इमरान मसूद से पूछा गया कि अगर प्रियंका गांधी प्रधानमंत्री बनती हैं तो राहुल गांधी की भूमिका क्या होगी, तो उन्होंने साफ किया कि दोनों को अलग-अलग नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “राहुल और प्रियंका कोई अलग नहीं हैं। ये इंदिरा गांधी के पोता-पोती हैं। ये चेहरे पर दो आंखों की तरह हैं, इन्हें अलग-अलग मत देखिए। इमरान मसूद के बयान को कांग्रेस की आधिकारिक घोषणा नहीं माना जा रहा है, लेकिन इससे यह जरूर साफ हो गया है कि पार्टी के भीतर प्रियंका गांधी की भूमिका को लेकर चर्चा तेज हो रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बयान कांग्रेस की रणनीति का हिस्सा भी हो सकता है, जिससे बीजेपी के आरोपों का जवाब दिया जा सके। यह बयान उस समय आया है जब बीजेपी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी गाजा मुद्दे पर तो बोलती हैं, लेकिन बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा को नजरअंदाज कर रही हैं। इसी सवाल के जवाब में इमरान मसूद ने प्रियंका गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की बात कही थी।





