नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । मशहूर कथावाचक राजन जी महाराज उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में राम कथा के लिए आए हैं। हजारों श्रद्धालु और श्रोता उनकी कथा सुनने के लिए जुटे हैं। कथा के दौरान राजन जी महाराज ने व्यासपीठ से जोरदार लहजे में कहा, “कौन मारेगा गोली, किसने मां का दूध पिया है…”। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर वीडियो के रूप में वायरल हो गया है और चर्चा का विषय बन गया है।
दरअसल, गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में चल रही रामकथा के दौरान सोमवार को उस वक्त माहौल अचानक बदल गया, जब कथावाचक राजन जी महाराज आवेश में आ गए। कथा सुनने पहुंचे श्रद्धालु तब हैरान रह गए, जब कार्यक्रम के बीच कुछ कहासुनी और हंगामे की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि किसी व्यक्ति ने राजन जी महाराज की टीम के एक सदस्य को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसी बात पर महाराज ने सार्वजनिक रूप से अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने मंच से यह भी खुलासा किया कि उनकी टीम को जान से मारने की धमकी दी गई है। भावुक और सख्त लहजे में राजन जी महाराज ने कहा कि उनके एक सहयोगी को गोली मारने की धमकी मिली है। इसके बाद उन्होंने चुनौती भरे शब्दों में कहा, “किसने मां का दूध पिया है, गोली मार कर दिखाओ!” जिसके बाद उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
कैसे हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर में चल रही रामकथा के दौरान विवाद की शुरुआत कुछ लोगों के बार-बार मंच पर चढ़ने की कोशिश से हुई। सुरक्षा और कार्यक्रम की व्यवस्था के कारण उन्हें मंच पर आने से मना किया गया। यही छोटी सी बात जल्दी ही बहस में बदल गई और स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मामला गोली मारने की धमकी तक पहुँच गया। कथावाचक राजन जी महाराज ने इसी पर अपनी नाराजगी और चिंता मंच से व्यक्त की।
समझाइश के बाद मंच पर लौटे महाराज
धमकी की घटना से आहत होकर राजन जी महाराज ने शुरुआत में रामकथा आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया था। हालात को संभालते हुए आयोजकों और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव किया और काफी समझाने के बाद महाराज कथा जारी करने के लिए तैयार हुए। मंच पर लौटते ही उन्होंने श्रोताओं के सामने उस घटना का जिक्र किया, जो उनके और उनकी टीम के साथ घटी थी।
उन्होंने बताया कि अपने 16 साल के कथावाचन के सफर में पहली बार उन्हें इस तरह की स्थिति का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि पहले मंच पर चढ़ने को लेकर अव्यवस्था फैली और विरोध करने पर उनकी टीम के सदस्यों को गोली मारने की बात कही गई। भावुक होते हुए राजन जी महाराज ने कहा कि उनके परिवार और बच्चों तक को धमकी दी गई। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वे प्रेम और श्रद्धा के साथ कथा सुनाने आए हैं और श्रोताओं से भी मर्यादा और शांति बनाए रखने की अपेक्षा रखते हैं।





