नई दिल्ली, रफ्तार। टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक बड़ा रिकॉर्ड बना है। यह उपलब्धि आयरलैंड के व्हाइट बॉल कप्तान पॉल स्टर्लिंग (Paul Stirling) ने हासिल की है। स्टर्लिंग ने शारजाह स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए पहले मैच में 27 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का जड़ा। इसके साथ स्टर्लिंग टी-20 में 400 चौके लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। यह मेंस T-20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 5वें बल्लेबाज भी हैं।
स्टर्लिंग के अलावा 2 महिला क्रिकेटरों के नाम यह उपलब्धि
वैसे, स्टर्लिंग से आगे दो क्रिकेटर हैं, लेकिन वे महिला हैं। न्यूजीलैंड वीमेंस टीम की सुजी बेट्स और ऑस्ट्रेलिया वीमेंस टीम की मेग लैनिंग भी T-20I क्रिकेट में 400 चौके जड़ चुकी हैं। स्टर्लिंग कुल मिलाकर तीसरे खिलाड़ी हैं। मेंस T-20I क्रिकेट में सबसे अधिक चौके लगाने के मामले में स्टर्लिंग के बाद पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम दूसरे स्थान पर हैं। बाबर ने 395 चौके लगाए हैं।
कोहली तीसरे नंबर पर, रोहित का चौथा स्थान
भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली के नाम 361 चौके दर्ज हैं। कोहली बाबर के बाद तीसरे स्थान पर हैं। भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा 359 चौकों के साथ चौथे नंबर पर हैं। ऑस्ट्रेलिया टीम के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर 320 चौके लगाकर टॉप-5 में हैं।
T-20I में सबसे अधिक चौके लगाने वाले बल्लेबाज
1. पॉल स्टर्लिंग–401 (135 मैच)
2. बाबर आजम –395 (109 मैच)
3. विराट कोहली –361 (117 मैच)
4. रोहित शर्मा–359 (151 मैच)
5. डेविड वार्नर–320 (103 मैच)
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




