नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क। अरबपतियों के बीच की दौड़ में बड़ा उलटफेर हुआ है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसी प्रमुख सोशल मीडिया कंपनियों के मालिक और मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस को पीछे छोड़कर दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, जुकरबर्ग की कुल संपत्ति अब 212 बिलियन डॉलर है, जबकि जेफ बेजोस की संपत्ति घटकर 209 बिलियन डॉलर रह गई है।
पिछले सोमवार यानी 5 मई को जुकरबर्ग की संपत्ति में 846 मिलियन डॉलर (करीब ₹7 हजार करोड़) का इजाफा हुआ, जबकि बेजोस को 2.90 बिलियन डॉलर (करीब ₹24 हजार करोड़) का नुकसान हुआ। मार्क जुकरबर्ग की संपत्ति में बढ़ोतरी का सबसे बड़ा कारण मेटा के शेयरों में बढ़ोतरी है। पिछले महीने मेटा के शेयरों में 16% से अधिक की वृद्धि हुई, जबकि अमेज़न के शेयरों में केवल 6.33% की वृद्धि हुई। इसके अलावा मेटा ने इस साल की पहली तिमाही में 42.31 बिलियन डॉलर की कमाई की, जो उम्मीद से ज्यादा थी। कंपनी को उम्मीद है कि दूसरी तिमाही में भी उसका राजस्व 45.5 बिलियन डॉलर तक पहुंच जाएगा। जुकरबर्ग ने 2025 की शुरुआत से 4.63 बिलियन डॉलर कमाए हैं। सोमवार को वह शीर्ष 3 सबसे अमीर लोगों में से एकमात्र व्यक्ति थे जिनकी संपत्ति में बढ़ोतरी हुई।
मस्क अभी भी आगे
टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क अभी भी सबसे अमीर लोगों की सूची में शीर्ष पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 331 अरब डॉलर है। हाल ही में मस्क ने कहा कि वह अब अमेरिकी सरकार के सरकारी दक्षता विभाग (DOGE) को कम समय देंगे और टेस्ला पर अधिक ध्यान केंद्रित करेंगे। इस बयान के बाद टेस्ला के शेयरों में भी 5% का उछाल आया। हालांकि, यह भी एक तथ्य है कि इस साल टेस्ला के शेयरों में 40% से अधिक की गिरावट आई है, जिससे निवेशकों में चिंता फैल गई है।




