नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । दुबई में खेले गए एशिया कप 2025 फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इस ऐतिहासिक जीत का जश्न पूरे देश और दुनिया भर में मनाया जा रहा है। मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद वरुण धवन और जान्हवी कपूर भारतीय तिरंगा लहराते नजर आए, जबकि रणवीर सिंह ने तिलक वर्मा के शानदार प्रदर्शन की तारीफ की। वहीं, बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय ने अपनी प्रतिक्रिया में लिखा, “भारत तिलक लगाकर ही भेजेगा।”
भारत ने पाकिस्तान को हराकर न सिर्फ ट्रॉफी जीती, बल्कि 9वीं बार खिताब जीतकर नया इतिहास रच दिया। इस शानदार जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है। भारतीय टीम की इस उपलब्धि पर बॉलीवुड सेलेब्रिटीज ने भी बधाइयों की बौछार कर दी है और सोशल मीडिया पर टीम इंडिया की तारीफों के पुल बांधे जा रहे हैं।
सितारों ने तिरंगा लहराकर मनाया भारत की जीत का जश्न
एशिया कप 2025 फाइनल के दौरान बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी भी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। अपनी आने वाली फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ के प्रमोशन के लिए पहुंचे वरुण धवन, जान्हवी कपूर और रोहित सराफ स्टेडियम में भारतीय ध्वज लहराते नजर आए और जीत का जोश भरपूर दिखाया। वहीं, अभिनेता रणवीर सिंह ने टीम इंडिया को जीत की बधाई दी और कहा कि उन्होंने पहले ही तिलक वर्मा के शानदार प्रदर्शन की भविष्यवाणी कर दी थी। रणवीर ने तिलक की बल्लेबाज़ी की जमकर तारीफ की।
लड़खड़ा दिए दुश्मनों को! – अमिताभ बच्चन
इस ऐतिहासिक जीत पर बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ के जरिए टीम इंडिया को बधाई दी। उन्होंने लिखा “जीत गया!! .. अच्छा खेला ‘अभिषेक बच्चन’ .. इधर ज़बान लड़खड़ाई, और इधर, बिना बैटिंग बॉलिंग फील्डिंग, लड़खड़ा दिया दुश्मनों को !! जय हिंद! जय भारत! जय माँ दुर्गा!!!” बच्चन की यह पोस्ट न सिर्फ टीम इंडिया की सराहना है, बल्कि उनके खास अंदाज में जुनून और गर्व से भरी हुई भी है।
“सामने कोई भी हो, भारत तिलक लगाकर ही घर भेजेगा- विवेक ओबेरॉय
भारत की जीत के बाद अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने लिखा कि “सामने कोई भी हो, भारत तिलक लगाकर ही घर भेजेगा। इस तरह का मैच हमें याद दिलाता है कि क्यों। 4 विकेटों के लिए @imkuldeep18 को बहुत-बहुत धन्यवाद जिन्होंने इस खेल को उल्टा कर दिया और @tilakV9 ने क्या 50 रन बनाए! परम सौंदर्य दोस्तों. #AsiaCup #Champions होने पर गर्व है!”
वहीं, विजय देवरकोंडा ने जोश से लिखा कि “इंडियाआआ! हमारे लड़कों ने इसे मार डाला!” मलयालम सुपरस्टार ममूटी ने भी टीम की तारीफ करते हुए कहा कि “टीम इंडिया ने एशिया कप सिर्फ जीता ही नहीं, बल्कि उस पर कब्जा भी कर लिया। बिना एक भी हार के चैंपियन। वाकई शानदार!” इन सभी प्रतिक्रियाओं से साफ है कि भारत की इस जीत ने न केवल क्रिकेट प्रेमियों को, बल्कि सिनेमा जगत की हस्तियों को भी बेहद उत्साहित कर दिया है।
तिलक वर्मा और रिंकू सिंह बने हीरो
मैच की शुरुआत भारत के लिए काफी निराशाजनक रही। शुरुआती तीन बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल जल्दी-जल्दी पवेलियन लौट गए, जिससे टीम दबाव में आ गई। इसके बाद तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने पारी को संभालने की कोशिश की। हालांकि, संजू सैमसन 24 रन बनाकर अबरार अहमद की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद शिवम दुबे ने तिलक के साथ साझेदारी की और टीम को स्थिरता दी। इस दौरान तिलक वर्मा ने दबाव भरे माहौल में शानदार अर्धशतक लगाया।
मैच का रोमांच तब चरम पर पहुंच गया जब 14 गेंदों में 24 रन की जरूरत थी और दोनों टीमें जीत की होड़ में बराबरी पर थीं। स्थिति और तनावपूर्ण हो गई जब सिर्फ 11 गेंदें और 16 रन बाकी थे। शिवम दुबे ने एक छक्का लगाकर उम्मीदें जगाईं, लेकिन जल्द ही वह आउट हो गए। इसके बाद रिंकू सिंह मैदान में आए। तिलक वर्मा के एक और छक्के और फिर रिंकू सिंह के निर्णायक शॉट्स ने भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई और एक बार फिर साबित किया कि यह टीम किसी भी हालात में जीतना जानती है।




