नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज। तनुजा ने अपने चुलबुले अंदाज और दमदार एक्टिंग से सभी का दिल जीता। तनुजा ने इंडस्ट्री में शानदार अदाओं के साथ अपनी पहचान बनाई। बता दें कि तनुजा अपनी बेटी काजोल के बेहद करीब हैं। आज तनुजा अपना जन्मदिन मना रही हैं। तनुजा अपने समय की बोल्ड अभिनेत्रियों में से एक थीं। आइए हम उनके जन्मदिन के अवसर पर उनसे जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें बताते हैं।
सिगरेट से जुड़ा किस्सा
तनुजा उस समय की पहली एक्ट्रेस थीं, जो सार्वजनिक स्थानों पर सिगरेट पीते हुए नजर आया करती थीं। इस आदत के कारण कई अभिनेत्रियों ने उनसे दूरी बना ली। उन्होंने खुद कहा कि वह सिगरेट छोड़ना चाहती थीं, लेकिन इसे छोड़ना उनके लिए मुश्किल था। उनकी बेटी तनीषा ने भी बिग बॉस में बताया कि मां को देखकर उन्होंने भी सिगरेट पीना शुरू किया था।
तनुजा ने अकेले ही अपनो बच्चों को पाला
बी-टाउन की कई मशहूर हस्तियों की परवरिश उनके सिंगल पेरेंट ने ही की है। इनमें बॉलीवुड एक्ट्रेस काजोल का नाम भी शामिल है, जिन्हें उनकी मां, शानदार अभिनेत्री तनुजा ने अकेले ही पाला। काजोल अपनी मां के बेहद करीब हैं और मानती हैं कि आज जो कुछ भी हैं, वो उनकी मां की वजह से है।
उनके माता-पिता, शोमू मुखर्जी और तनुजा, के अलग होने के बाद, उनकी मां ने उन्हें और उनकी बहन तनीषा को अकेले ही बड़ा किया।
काजोल कई इंटरव्यू में बता चुकी हैं कि वो आज जो भी हैं, वो अपनी मां की सिखाई हुई चीजों की वजह से हैं। एक बार नेटफ्लिक्स के शो Behensplaining में काजोल ने अपने माता-पिता के तलाक के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि इस तलाक का उन पर कोई बुरा असर नहीं पड़ा। काजोल ने अपनी परवरिश को अद्भुत बताया और कहा कि वो बहुत भाग्यशाली हैं कि उन्हें अपनी मां से इतना कुछ सीखने को मिला।
तनुजा की मां भी एक शादार एक्ट्रेस थी
तनुजा का जन्म 23 सितंबर 1943 को एक मराठी परिवार में हुआ था। उनके पिता कुमारसेन समर्थ फिल्म प्रोड्यूसर और मां शोभना समर्थ एक्ट्रेस थीं। तनुजा की बड़ी बहन नूतन भी एक प्रसिद्ध एक्ट्रेस थीं। उनके परिवार में एक भाई और दो और बहनें हैं, जिनका फिल्म इंडस्ट्री से कोई नाता नहीं।
तनुजा ने 1973 में फिल्ममेकर शोमू मुखर्जी से शादी की। उनके दो बेटियाँ हैं, काजोल और तनीषा। शोमू का 2008 में निधन हो गया।
करियर की शुरूआत चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में की थी
तनुजा ने अपने करियर की शुरुआत एक चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में फिल्म हमारी बेटी 1950 से की। बाद में, 1960 में फिल्म छबीली से उन्होंने हीरोइन के तौर पर डेब्यू किया। इसके बाद हमारी याद आएगी फिल्म से उन्हें पहचान मिली।
तनुजा ने कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया, जैसे बहारें फिर भी आएंगी, Jewel Thief, इज्जत, जीने की राह, और हाथी मेरे साथी। 60 और 70 के दशकों में उनके साथ संजीव कुमार, राजेश खन्ना और धर्मेंद्र की जोड़ी हिट रही।
तनुजा ने हिंदी फिल्मों के अलावा बंगाली फिल्मों में भी काम किया है। उनके उत्तम कुमार के साथ जोड़ी ने कई हिट फिल्में दीं, जैसे Deya Neya और राजकुमारी।





