हरिद्वार, 18 जून (हि.स.)। कनखल थाना क्षेत्र स्थित मिस्सरपुर भागीरथी विहार कॉलोनी में 20 मई को हुई 80 वर्षीय महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चार आरोपितों ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। पुलिस ने इनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया है। चौथे की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। कनखल थाने में एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय ने घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि इस हत्याकांड का खुलासा करने के लिए 6 टीमें गठित कीगई थी। पुलिस जांच में आरोपितों ने कबूला की वह सभी लोग दिन में शनि दान और अन्य तरह से भीख मांगने का काम करते हैं। दिन में रेकी करने के बाद रात को डकैती और लूट की घटना को अंजाम देते हैं। आरोपितों को वृद्ध महिला ने कई बार दान दक्षिणा भी दी थी। भीख मांगने के दौरान 20 मई को दिन में वृद्धा के घर में ताला लगा देख लूट की योजना बनाई और रात को ही वारदात को अंजाम दे दिया। 20 मई की रात चारों आरोपित साइकिल से वृद्धा के घर पहुंचे थे। हरिद्वार एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि चारों आरोपित बाहर लगे कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसे । लूट के दौरान वृद्ध महिला का मुंह और हाथ-पैर बांध दिए थे। इस कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आरोपितों की गिरफ्तारी की। गिरफ्तार आरोपितों में सोमपाल यूपी के मुजफ्फरनगर जिले का रहने वाला है, जबकि नीटू और सोनवीर लक्सर क्षेत्र के निवासी हैं। इस हत्याकांड में शामिल मीनू नाम का आरोपित फरार है। कमलेश उपाध्याय ने बताया कि आरोपित सोनवीर और सोमपाल पर हत्या लूट और डकैती के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत




