नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । गोवा के रोमियो लेन में स्थित नाइटक्लब ‘बर्च’ के मालिकों में से एक अजय गुप्ता का अग्निकांड के मामले में पहला बयान सामने आया है। अजय को मंगलवार को दिल्ली के लाजपत नगर स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ़ ब्रेन एंड स्पाइन में भर्ती होने के बाद हिरासत में लिया गया था। गिरफ्तारी के समय अजय ने कहा “मैं लूथरा परिवार के साथ सिर्फ स्लीपिंग पार्टनर हूं, इससे अधिक कुछ नहीं।”
अजय गुप्ता को पूछताछ के लिए गोवा भेजा जाएगा
दिल्ली पुलिस आज अजय गुप्ता को साकेत कोर्ट में पेश कर सकती है। वहीं, गोवा पुलिस ने उसके लिए ट्रांजिट रिमांड की मांग की है। जैसे ही कोर्ट से अनुमति मिलेगी, अजय को आगे की पूछताछ के लिए गोवा ले जाया जाएगा। हिरासत में पुलिस के साथ जाते समय अजय ने मास्क, हुडी जैकेट और टोपी पहनकर अपना चेहरा छुपा रखा था।
बर्च क्लब के बड़े फाइनेंशियल पार्टनर हैं अजय गुप्ता
गोवा पुलिस के मुताबिक, अजय गुप्ता दिल्ली के निवासी हैं और बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब के प्रमुख फाइनेंशियल पार्टनर हैं। जांच के दौरान अजय और उनके पार्टनर सुरिंदर कुमार खोसला के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया था। जब पुलिस टीम अजय के दिल्ली स्थित घर पहुंची, तो वह वहां मौजूद नहीं थे। इसके बाद उनके खिलाफ गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया और बाद में उन्हें दिल्ली में ट्रेस कर हिरासत में लिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में पता चला है कि अजय गुप्ता और उनके भाई राजेश गुप्ता सौरभ लूथरा के बिजनेस पार्टनर हैं और दोनों ने क्लब में भारी निवेश किया था। अब पुलिस अजय गुप्ता से पूछताछ के जरिए मुख्य आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश करेगी।
अग्निकांड मामले में 6 दिनों में 6 गिरफ्तारी
गोवा के बिर्च बाय नाइट क्लब में 6 दिसंबर की रात लगी आग में 25 लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। क्लब के मालिक और सगे भाई सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा अभी भी फरार हैं और घटना के बाद थाईलैंड भाग गए थे। उनके खिलाफ इंटरपोल ने ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया है। फरार मालिक सौरभ और गौरव लूथरा ने दिल्ली की एक अदालत में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दाखिल की है। दोनों भाई फिलहाल थाईलैंड में हैं और उन्हें भारत लाने के प्रयास जारी हैं।





