नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । ऐप्पल के सीईओ टिम कुक अपने लंबे करियर के बाद जल्द ही पद छोड़ सकते हैं। 2011 से कंपनी की कमान संभाल रहे कुक अगले महीने 65 साल के हो जाएंगे। लंबे समय से उनके इस्तीफे की अटकलें लग रही थीं, और अब उनके उत्तराधिकारी को लेकर तकनीकी दुनिया में चर्चा और उत्सुकता बढ़ गई है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, John Ternus को कंपनी का अगला सीईओ बनाया जा सकता है। वह फिलहाल हार्डवेयर इंजीनियरिंग के वाइस प्रेसिडेंट हैं और पिछले 24 सालों से ऐप्पल के साथ जुड़े हुए हैं।
कई महत्वपूर्ण फैसलों गवाह रहे है Ternus
Ternus कंपनी के कई महत्वपूर्ण फैसलों में शामिल रहे हैं और उनकी उम्र भी उनके पक्ष में है। अगर सब कुछ ठीक रहा, तो 50 वर्षीय Ternus अगले एक दशक तक ऐप्पल का नेतृत्व कर सकते हैं। दिलचस्प बात यह है कि जब टिम कुक ने ऐप्पल की कमान संभाली थी, तब उनकी उम्र भी 50 साल थी।
Gurman के अनुसार, ऐप्पल के अन्य सीनियर अधिकारी या तो उम्र में बहुत छोटे हैं या कुछ के रिटायरमेंट का समय नजदीक है। ऐसे में John Ternus संभावित उत्तराधिकारी की दौड़ में सबसे आगे नजर आ रहे हैं।
Ternus की पहल थी आईफोन एयर
ऐप्पल ने 9 सितंबर को आईफोन 17 सीरीज लॉन्च की थी, जिसमें John Ternus ने आईफोन एयर को पेश किया। इसके अलावा, आईफोन 17 की लॉन्चिंग के दौरान वे लंदन के रिजेंट स्ट्रीट स्टोर में मौजूद थे और वहां आईफोन खरीदने आए ग्राहकों से भी मिले।
बता दें कि, कंपनी में John Ternus की छवि बेहद सकारात्मक मानी जाती है और टिम कुक भी उन पर पूरा भरोसा करते हैं। हालांकि, कुक ने अभी तक आधिकारिक रूप से अपने पद छोड़ने की घोषणा नहीं की है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि वे जल्द ही इस बारे में कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं।




