नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अभी तक के इतिहास का सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू LIC ने लॉन्च किया था लेकिन अब इस रिकॉर्ड IPO को मात देने के लिए कार निर्माता कंपनी हुंडई मोटर (Hyundai IPO) 25000 करोड़ का IPO लाने जा रही है। कंपनी को बाजार नियामक एजेंसी SEBI से मंजूरी मिल चुकी है जिसके बाद इसे निवेशकों के लिए अक्टूबर में बिड़ लगाने के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है। इस आईपीओ से रिटेल निवेशकों को भी काफी उम्मीदें हैं।
ऑफर फॉर सेल के तहत जारी होंगे 25 हजार करोड़ के शेयर
रॉयटर्स के हवाले से यह जानकारी सामने आई है कि SEBI में जमा कराए गए दस्तावेजों के मुताबिक कंपनी 25 हजार करोड़ रुपये की कीमत के शेयर को ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत जारी करेगी। कंपनी ने 15 जून को सेबी को DRHP ड्रॉफ्ट सौंपा था जिसके मद्देनजर 142,194,700 इक्विटी शेयरों की बिक्री करेगी। किसी भी ऑटो कंपनी का IPO 20 साल के बाद बाजार में आ रहा है। इससे पहले 2003 में ऑटो मोटर कंपनी मारुति सुजुकी ने आईपीओ लॉन्च किया था। हुंडई मोटर के शेयर लिस्ट होते ही यह सबसे बड़ा आईपीओ बन जाएगा।
हाल ही में Swiggy के IPO को भी मिली है मंजूरी, NTPC भी कतार में
मंगलवार को SEBI ने स्विगी (Swiggy) के आईपीओ को भी मंजूरी दी है जिसे नवंबर तक बाजार में निवेशकों के लिए उतारा जा सकता है। कंपनी ने इस आईपीओ को जरिए 11000 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य साधा है। जबकि NTPC Green Energy ने भी सेबी के पास 10 हजार करोड़ रुपये के आईपीओ का ड्राफ्ट सौंपा है जिसे जल्द से जल्द मंजूरी देने के लिए कंपनी ने सेबी से आग्रह किया है। NTPC Green Energy के आईपीओ को भी नवंबर तक बाजार में लाया जा सकता है।




