नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने मंगलवार (14 अक्टूबर) को घोषणा की कि कंपनी भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हब स्थापित करेगी। इस परियोजना के लिए गूगल 15 अरब डॉलर का निवेश करेगा, जिसका उद्देश्य भारत में AI अनुसंधान और विकास को बढ़ावा देना है।
गूगल का भारत में AI और डेटा सेंटर प्लान
गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने बताया कि, उन्होंने इस योजना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत की है। इसके तहत आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक बड़ा डेटा सेंटर और AI हब स्थापित किया जाएगा, जिससे भारत में AI अनुसंधान और तकनीकी विकास को बल मिलेगा।
गूगल के AI हब पर CEO ने साझा किया प्लान
गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विशाखापत्तनम में बनने वाले गूगल AI हब के ऐतिहासिक प्लान पर चर्चा की। हब में गीगावॉट स्तर की कंप्यूटिंग क्षमता, नया अंतरराष्ट्रीय सबसी गेटवे और व्यापक ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल होगा।
गूगल का भारत में 15 बिलियन डॉलर का निवेश
गूगल भारत में 15 बिलियन डॉलर (लगभग 1,331.85 अरब रुपये) का निवेश करने की योजना बना रहा है। इस निवेश से भारत को तकनीकी और आर्थिक क्षेत्र में बड़ा लाभ मिलेगा। कंपनी के इस कदम को देश के लिए एक महत्वपूर्ण और रणनीतिक अवसर माना जा रहा है।
गूगल के AI हब और इंफ्रास्ट्रक्चर
एक रिपोर्ट अनुसार, गूगल क्लाउड के सीईओ थॉमस कुरियन ने कहा कि नया AI हब विशाखापत्तनम में AI बुनियादी ढांचे, डेटा सेंटर क्षमता, ऊर्जा स्रोत और ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क को एकीकृत करेगा। कंपनी अगले पांच वर्षों में इस परियोजना में 15 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश करेगी।
यह गूगल का पहला एआई हब होगा
बता दें कि, गूगल का यह पहला AI हब होगा, जो भारतीय AI इंजीनियरों को अवसर देगा। गूगल क्लाउड के सीईओ थॉमस कुरियन ने बताया कि कंपनी भारत में पिछले 21 सालों से काम कर रही है और इसके साथ 14,000 से अधिक भारतीय जुड़े हैं।




