नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। गुरुवार, 12 फरवरी को देशभर के बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहने वाले हैं, जिससे आम ग्राहकों की चिंता बढ़ गई है। कई बैंक यूनियनों द्वारा बुलाई गई इस हड़ताल के चलते नियमित बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है। हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर बैंक हॉलिडे घोषित नहीं किया गया है, लेकिन बैंक ऑफ बड़ौदा, SBI और PNB जैसे प्रमुख सरकारी बैंकों ने पहले ही संकेत दे दिए हैं कि हड़ताल के दिन कुछ सेवाएं बाधित हो सकती हैं। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी जा रही है कि जरूरी बैंकिंग काम पहले ही निपटा लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।
बैंक हड़ताल में कौन-कौन सी यूनियनें शामिल?
12 फरवरी की प्रस्तावित बैंक हड़ताल को कई बड़े बैंक संगठनों का समर्थन मिला है। इसमें ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AIBEA), ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIBOA) और बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (BEFI) जैसी प्रमुख यूनियनें शामिल हैं। इतना ही नहीं, देश की 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनें (CTUs) भी इस हड़ताल के समर्थन में उतर आई हैं। ऐसे में हड़ताल का असर व्यापक होने की संभावना जताई जा रही है।
क्यों हड़ताल पर उतरेंगे बैंक कर्मचारी?
बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के पीछे सबसे बड़ा कारण नवंबर 2025 में नोटिफाई किए गए चार नए लेबर कोड हैं, जो मौजूदा 29 श्रम कानूनों की जगह लेने जा रहे हैं। ट्रेड यूनियनों का आरोप है कि ये नए नियम मजदूरों के हितों के खिलाफ हैं और ट्रेड यूनियन बनाने के लिए रजिस्ट्रेशन की सख्त शर्तें लगाकर श्रमिक अधिकारों को कमजोर करते हैं। इसके अलावा बैंक यूनियनें लंबे समय से अपनी पेंडिंग मांगों-जैसे पांच दिन का बैंकिंग वीक लागू करना, स्टाफ की कमी दूर करना और कर्मचारियों के लिए बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस सुनिश्चित करना-को लेकर भी दबाव बना रही हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर कर्मचारी एकजुट होकर हड़ताल पर उतर रहे हैं।
बैंक खुले रहेंगे या बंद?
अभी तक किसी भी बड़े बैंक या रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने 12 फरवरी को ऑफिशियल बैंक हॉलिडे की घोषणा नहीं की है, इसलिए बैंक औपचारिक रूप से खुले रहेंगे। हालांकि, अगर बड़ी संख्या में कर्मचारी हड़ताल में शामिल होते हैं, तो ब्रांच-लेवल की सर्विस प्रभावित हो सकती है। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक जैसे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक (PNB) और इंडियन बैंक ने भी चेतावनी दी है कि फिजिकल ब्रांच और सर्विस काउंटर पर ऑपरेशनल असर हो सकता है। वहीं, HDFC बैंक और ICICI बैंक जैसे प्राइवेट सेक्टर के बैंकों पर इस हड़ताल का ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ने की संभावना जताई जा रही है।





