नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश में इस बार होली और जुमे की नमाज एक ही दिन पड़ने के कारण प्रशासन ने 13 जिलों में नमाज के समय में बदलाव किया है। वहीं, प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद के बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है।
होली पर यूपी के 13 जिलों में बदला जुमे की नमाज का वक्त
उत्तर प्रदेश में होली के त्योहार को देखते हुए प्रशासन ने 13 जिलों में जुमे की नमाज का वक्त बदल दिया है। इनमें शाहजहांपुर, संभल, जौनपुर, मिर्जापुर, ललितपुर, औरैया, लखनऊ, मुरादाबाद, रामपुर, उन्नाव, बरेली, अमरोहा और अयोध्या शामिल हैं। इन सभी जिलों में नमाज़ दोपहर 2:30 बजे पढ़ी जाएगी। प्रशासन ने यह कदम शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी व ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है।
कैबिनेट मंत्री संजय निषाद का विवादित बयान
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और निषाद पार्टी के नेता संजय निषाद ने जुमे की नमाज और होली को लेकर बयान देते हुए कहा कि “रंग से परहेज करने वालों को देश छोड़ देना चाहिए।” उन्होंने कहा, “मुस्लिम लोग भी रंग-बिरंगे कपड़े पहनते हैं, तो रंग लगाने से धर्म कैसे नष्ट हो सकता है? उन्होंने आगे कहा, “हमने नमाज का समय 2 बजे के बाद रखा है। जिन्हें रंग से परहेज है, वे घर में रहें। अगर कोई भारतीय संस्कृति से परहेज करता है, तो यह गलत है। मंत्री के इस बयान पर विपक्ष ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और इसे सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाला बयान बताया है।
अलीगढ़ में मस्जिदों को ढका गया तिरपाल से
अलीगढ़ में प्रशासन ने मस्जिदों को तिरपाल से ढकने का फैसला किया है। यह कदम होली के दौरान किसी भी तरह की अनहोनी को रोकने के लिए उठाया गया है। मस्जिद हलवाइयान समेत तीन मस्जिदों को तिरपाल से ढका गया ताकि रंगों से बचाव हो सके। अयोध्या समेत पूरे यूपी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। आईजी रेंज अयोध्या प्रवीण कुमार ने बताया कि “ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। संभल, मुरादाबाद, लखनऊ और अन्य संवेदनशील जिलों में पुलिस बल को तैनात किया गया है और शांति कमेटियों के माध्यम से लोगों से सद्भाव बनाए रखने की अपील की जा रही है। होली और जुमे की नमाज एक ही दिन पड़ने के कारण यूपी सरकार ने सुरक्षा और शांति व्यवस्था के तहत कई अहम फैसले लिए हैं। हालांकि, मंत्री संजय निषाद के बयान से नया विवाद खड़ा हो गया है। प्रशासन लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील कर रहा है।




