नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन DMRC ने होली के दिन यानी 14 मार्च को मेट्रो सेवाओं के समय में बदलाव किया है। एयरपोर्ट लाइन समेत सभी मेट्रो लाइंस सुबह के वक्त बंद रहेंगी, सभी रूटों पर मेट्रो दोपहर ढाई बजे के बाद शुरू होगी। DMRC ने यह फैसला रंग और हुल्लड़बाजी को ध्यान में रखते हुए लिया है।
लखनऊ मेट्रो की नई टाइमिंग
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी मेट्रो सेवा की समय सारणी में बदलाव किया गया है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन UPMRC के मुताबिक, 14 मार्च को लखनऊ मेट्रो दोपहर 2:30 बजे से रात 10:30 बजे तक संचालित होगी। यह सेवा सीसीएस एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन से मुंशीपुलिया मेट्रो स्टेशन के बीच उपलब्ध रहेगी।
दिल्ली मेट्रो का बड़ा विस्तार कार्य जारी
दिल्ली मेट्रो की गोल्डन लाइन के विस्तार में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। टनल बोरिंग मशीन (TBM) ने किशनगढ़ से वसंत कुंज मेट्रो स्टेशन तक 1.55 किलोमीटर लंबी भूमिगत सुरंग का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। यह परियोजना 19.34 किलोमीटर लंबे एरोसिटी-तुगलकाबाद कॉरिडोर का हिस्सा है। इस निर्माण कार्य की देखरेख केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू की मौजूदगी में हुई।
मेट्रो नेटवर्क में दिल्ली बनेगी नंबर वन
दिल्ली मेट्रो का तेजी से हो रहा विस्तार इसे दुनिया का सबसे बड़ा शहरी मेट्रो नेटवर्क बनाने की दिशा में ले जा रहा है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि वर्तमान में न्यूयॉर्क मेट्रो का नेटवर्क 399 किलोमीटर का है, जो दुनिया में सबसे लंबा है। दिसंबर 2025 में दिल्ली मेट्रो की नई 12 किलोमीटर लंबी लाइन के उद्घाटन के बाद, यह रिकॉर्ड दिल्ली मेट्रो के नाम हो सकता है। होली के दिन यात्रियों को ध्यान रखना होगा कि सुबह के समय मेट्रो सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी। दोपहर 2:30 बजे के बाद ही मेट्रो सेवा सुचारु रूप से चलेगी, जिससे लोगों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी जाती है।





