नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का फेसबुक अकाउंट 16 घंटे बाद फिर से चालू हो गया है। Meta ने 10 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे सपा मुखिया का फेसबुक पेज ब्लॉक कर दिया था, जिसके बाद राजनीतिक हलचल मच गई थी। अब पेज दोबारा एक्टिव हुआ है और अखिलेश यादव ने अपने पहले पोस्ट में लोकनायक जयप्रकाश नारायण को याद किया है।
पहला पोस्ट: सम्पूर्ण क्रांति का संदेश
पेज बहाल होने के बाद अखिलेश यादव ने जेपी नारायण की जन्म जयंती पर एक पोस्ट साझा किया। उन्होंने जेपी नारायण की तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा, “सम्पूर्ण क्रांति से मेरा तात्पर्य है कि समाज के सबसे दबे-कुचले व्यक्ति को सत्ता के शिखर पर पहुंचाया जाए। इस पोस्ट को कुछ ही घंटों में हजारों लाइक्स और शेयर मिले, और सपा समर्थकों ने “जय समाजवाद” के नारे के साथ कमेंट किए।
क्यों हुआ था फेसबुक अकाउंट ब्लॉक?
सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश यादव के 85 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स वाले फेसबुक पेज को मेटा ने अपनी कम्युनिटी गाइडलाइंस का हवाला देकर ब्लॉक किया था। बताया गया कि एक कथित “हिंसक या अनुचित पोस्ट” को लेकर यह कार्रवाई की गई थी। हालांकि, फेसबुक की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया। सरकारी सूत्रों ने कहा कि इसमें सरकार का कोई रोल नहीं है, यह फेसबुक का आंतरिक फैसला था।
लोकतंत्र पर हमला
अकाउंट ब्लॉक होने के बाद सपा नेताओं ने इसे राजनीतिक साजिश बताया। पार्टी प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने एक्स पर लिखा, “देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का फेसबुक अकाउंट बंद करना लोकतंत्र पर हमला है। बीजेपी ने अनघोषित इमरजेंसी लगा दी है। वहीं सपा विधायक पूजा शुक्ला ने कहा, फेसबुक ने बिना किसी चेतावनी के अकाउंट बंद कर दिया। यह लाखों समर्थकों की आवाज को दबाने की साजिश है। पेज दोबारा एक्टिव होने के बाद सपा समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कई कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर लिखा, “हमारी आवाज को कुछ देर के लिए रोका जा सकता है, लेकिन दबाया नहीं जा सकता।




