नई दिल्ली, रफ्तार। पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत का अभियान आज से शुरू हो रहा है। पहला इवेंट तीरंदाजी का है। तीरंदाजी में भारत के छह खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। देश को पुरुष टीम से काफी उम्मीदें हैं। इन्होंने इस साल शंघाई में वर्ल्ड कप के फाइनल में कोरिया को शिकस्त दी थी। भारतीय पुरुष टीम में तरुणदीप राय, प्रवीण जाधव, धीरज बोम्मादेवरा हैं। महिला टीम में दीपिका पर निगाहें टिकी है। उनका साथ अंकिता भगत और भजन कौर देंगी।
तीरंदाजी में पदक से दूर भारतीय खिलाड़ी
तीरंदाजी को ओलंपिक में पहली बार सियोल गेम्स 1988 में शामिल किया गया था। उस वक्त से भारतीय तीरंदाज लगभग हर ओलंपिक में हिस्सा ले रहे हैं। हालांकि, पदक से दूर हैं। पेरिस ओलंपिक में आज भारतीय तीरंदाज लेस इनवैलिड्स गार्डन में क्वालीफिकेशन राउंड के साथ अभियान शुरू करेंगे।
महिला टीम का मुकाबला दोपहर 01 बजे से
तीरंदाजी रैंकिंग राउंड (पुरुष और महिला ) के मुकाबले भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे से शुरू होंगे। दोपहर 1 बजे महिला टीम मैदान पर उतरेगी। पुरुष टीम के मैच शाम 5:45 बजे शुरू होंगे।
क्वालिफिकेशन राउंड से रैंकिंग तय होगी
तरुणदीप राय और दीपिका कुमारी चौथी बार ओलंपिक में खेल रहे हैं। दोनों अनुभवी तीरंदाजों के नेतृत्व में भारतीय टीमें क्वालिफिकेशन राउंड में टॉप-10 में जगह बनाना चाहेंगी। हर तीरंदाज को 72 निशाने लगाने के मौके मिलेंगे। क्वालिफिकेशन राउंड में 53 देश भाग ले रहे हैं। क्वालिफिकेशन राउंड की रैंकिंग के आधार पर 28 जुलाई से नॉकआउट राउंड के लिए वरीयता दी जाएगी।
29 जुलाई को होगा पुरुष टीम का फाइनल मैच
पुरुष टीम का फाइनल मैच सोमवार को होगा। मंगलवार को इंडिविजुअल एलिमिनेशन राउंड शुरू हो जाएगा। अगले शुक्रवार को मिक्स्ड टीम का फाइनल होगा। सबसे अंत में महिला टीम और इंडिविजुअल फाइनल होंगे।
कहां देखें मुकाबले?
ओलंपिक मुकाबले भारत में स्पोर्ट्स 18 चैनलों (एसडी और एचडी दोनों) पर दिखाए जाएंग। इसकी लाइव स्ट्रीमिंग जियो सिनेमा एप और वेबसाइट पर मुफ्त में होगी। इसके साथ ही दूरदर्शन के स्पोर्ट्स चैनल पर भी लाइव मुकाबले देख सकते हैं।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:– www.raftaar.in





