नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में फरवरी 2026 में आयोजित होने वाले ICC T20 वर्ल्ड कप के शेड्यूल के ऐलान का सभी फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बार भी टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनका चयन पहले ही किया जा चुका है। फैंस की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि कौन सी टीम किस ग्रुप में होगी। शुरुआती अनुमान यही लगाया जा रहा है कि भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा जा सकता है।
25 नवंबर को जारी हो सकता है शेड्यूल
एक रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी 25 नवंबर को मुंबई में होने वाले एक कार्यक्रम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप और पूरे शेड्यूल की घोषणा कर सकती है। ऐसी चर्चा है कि भारत और पाकिस्तान को फिर से एक ही ग्रुप में रखा जाएगा। इस ग्रुप में शेष तीन टीमें यूएसए, नीदरलैंड्स और नामीबिया हो सकती हैं। वहीं] श्रीलंका का ग्रुप काफी कठिन माना जा रहा है, जिसमें उसके साथ ऑस्ट्रेलिया, जिम्बाब्वे, आयरलैंड और ओमान की टीमों के होने की संभावना है, इसी वजह से इसे ग्रुप ऑफ डेथ कहा जा रहा है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल चार ग्रुप होंगे, हर ग्रुप में 5 टीमें शामिल होंगी। इंग्लैंड और वेस्टइंडीज को भी एक ही ग्रुप में रखा जा सकता है, जिसमें बांग्लादेश, नेपाल और इटली जैसी टीमें भी हो सकती हैं। वहीं चौथे ग्रुप में दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, यूएई और कनाडा को जगह मिलने की उम्मीद है।
हर ग्रुप से दो टीमें जाएंगी सुपर-8 में
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में चारों ग्रुपों से शीर्ष दो टीमें सुपर-8 चरण में पहुंचेंगी। इसके बाद सुपर-8 की सर्वश्रेष्ठ चार टीमें सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाएंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत और पाकिस्तान का हाई-वोल्टेज मैच कोलंबो के स्टेडियम में आयोजित किया जा सकता है। डिफेंडिंग चैंपियन भारत अपने अभियान की शुरुआत यूएसए के खिलाफ कर सकता है। भारत में होने वाले मुकाबले मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, दिल्ली और अहमदाबाद में खेले जाएंगे। वहीं श्रीलंका में कोलंबो के अलावा कैंडी भी मेजबान शहरों में शामिल होगा।




