नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 को शुरू होने में अब कुछ ही महीने बचे हैं। लेकिन इस टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर अभी तक कोई फैसला नहीं हो पाया है। भारत ने पाकिस्तान में क्रिकेट खेलने से इनकार कर दिया है। जिससे अब चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के मेजबान स्थल को लेकर चर्चाएं शुरू हो गयी हैं। भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए हाइब्रिड मॉडल की इच्छा जताई है। लेकिन पाकिस्तान इसके लिए राजी नहीं हो रहा है। इस बीच पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने इसको लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि भारत पाकिस्तान में आ रहा है। शोएब अख्तर ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान को इस मामले में हल निकालना चाहिए।
“ICC के लिए 94-95 प्रतिशत स्पॉन्सरशिप भारत से ही आती है”
शोएब अख्तर ने एक मीडिया चैनल से बातचीत के दौरान कहा कि इसको लेकर दरवाजे के पीछे बातचीत होगी। युद्ध के दिनों में भी ऐसे मसलों पर पर्दे के पीछे से ही बातचीत हुआ करती थी। हमें अपनी उम्मीद को नहीं छोड़ना चाहिए। हमें इस समस्या के समाधान के बारें में सोचना चाहिए। हम इस बात को अच्छी तरह से जानते हैं कि ICC के लिए 94-95 प्रतिशत स्पॉन्सरशिप भारत से ही आती है।
हमें आखिरी समय तक इसका इंतजार करना चाहिए: शोएब अख्तर
शोएब अख्तर ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि यह फैसला भारत सरकार पर निर्भर करता है, इसका BCCI से कोई लेना देना नहीं है। शोएब अख्तर ने आगे कहा कि विराट कोहली पहली बार पाकिस्तान में क्रिकेट खेलने की कोशिश कर रहे हैं। पाकिस्तान के लोग भी विराट कोहली को पाकिस्तान में चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में खेलते हुए देखना चाहते हैं। कल्पना कीजिए कि विराट कोहली पाकिस्तान में शतक बना दें।
इसके बाद शोएब अख्तर ने कहा कि पाकिस्तान की इस तरह की छवि बन गई है कि वो वर्ल्ड जैसे टूर्नामेंट की मेजबानी बिल्कुल भी नहीं कर सकता है। अगर चैंपियंस ट्रॉफी 2025 पाकिस्तान में होती है तो ये पाकिस्तान में बड़े आयोजनों के लिए एक कदम होगा। शोएब अख्तर ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि ऐसा होगा। हमें आखिरी समय तक इसका इंतजार करना चाहिए। शोएब अख्तर ने अपनी बात जारी रखे हुए कहा कि उन्हें लगता है कि भारत पाकिस्तान में चैंपियंस ट्रॉफी 2025 खेलने आ रहा है।





