नई दिल्ली, रफ्तार। टी-20 वर्ल्ड कप 2024 (T20 World Cup 2024) में पाकिस्तान अपना पहला मुकाबला हार चुका है। डलास के मैदान पर यूएसए टीम ने पाक को सुपर ओवर में करारी शिकस्त दी। इसके बाद पाकिस्तान टीम की जमकर आलोचना हो रही है। आलोचना करने वालों में पाकिस्तान के पूर्व दो दिग्गज गेंदबाज भी हैं। पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के आस्तित्व पर ही सवाल उठा दिए हैं। शोएब ने कहा कि अमेरिका से हार, हमने इतिहास दोहराया। जैसे हम (पाकिस्तान टीम) 1999 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश से हारे थे। दुर्भाग्यवश, हमारी टीम कभी जीत की हकदार ही नहीं है।
अमेरिकी टीम हमेशा कमांडिंग पोजीशन में थी : अख्तर
अख्तर ने कहा कि पाक टीम की हार की बड़ी वजह अमेरिकी टीम का बहुत अच्छा खेलना है। उनकी टीम हमेशा कमांडिंग पोजीशन में थे। शोएब ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर ये बातें कही हैं। वहीं, अपने जमाने में डेथ बॉलिंग के मास्टर वसीम अकरम ने कहा कि बाबर आजम की टीम के लिए टी-20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट में पहुंचना मुश्किल होगा।
टीम को आखिरी गेंद तक करना होगा संघर्ष : अकरम
अकरम ने कहा कि दयनीय प्रदर्शन। हार-जीत गेम का हिस्सा है, लेकिन टीम को आखिरी गेंद तक संघर्ष करना होगा। कल का प्रदर्शन एवं खिलाड़ियों का मनोबल पाकिस्तान क्रिकेट के लिए बुरा था। अकरम ने कहा कि पाकिस्तान को यहां से सुपर-8 के लिए क्वालीफाई करने में संघर्ष करना होगा। टीम को 9 जून को भारत और फिर दो अच्छी अच्छी टीमें (आयरलैंड और कनाडा) से भिड़ना है। उन्होंने बताया कि खेल का निर्णायक मोड़ अमेरिका द्वारा शुरुआती विकेट लेना था।
पाकिस्तान की उम्मीदें धराशायी
अकरम ने कहा कि सुपर ओवर में 18 रन देने की वजह से पाक की उम्मीदें धराशायी हो गईं। मुझे और हर पाकिस्तानी समर्थक को पूरा भरोसा था कि उन्होंने पहली पारी में जिस तरह से खेला, उसके बाद वे जीतेंगे।
9 जून को भारत से मुकाबला
पाकिस्तान को अगला मैच भारत के साथ खेलना है। यह मुकाबला 9 जून को होना है। भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला आयरलैंड के खिलाफ जीत चुकी है। टीम के गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने आयरलैंड के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन किया था। ऐसे में उम्मीद है कि भारत अपने अगले मुकाबले में भी जीत दर्ज करेगा। भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे के खिलाफ आखिरी मैच पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप में खेला था।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





