नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। T20 World Cup 2026 में साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच खेला गया मुकाबला इतिहास में दर्ज हो गया। अहमदाबाद में खेले गए इस मैच में पहली बार एक ही मुकाबले में दो सुपर ओवर देखने को मिले। रोमांच अपने चरम पर रहा और आखिरकार साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को डबल सुपर ओवर में हरा दिया।
आखिरी ओवर में नो-बॉल ने बदली कहानी
साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 187 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान ने शानदार संघर्ष किया। एक समय ऐसा लग रहा था कि अफगान टीम मैच हार जाएगी, लेकिन आखिरी ओवर में मुकाबला पूरी तरह पलट गया। अफगानिस्तान को आखिरी ओवर में 13 रन चाहिए थे और सिर्फ एक विकेट बचा था। कगिसो रबाडा ने पहली ही गेंद पर नूर अहमद को आउट कर दिया, लेकिन यह नो-बॉल निकली। इसके बाद छक्का, डॉट बॉल और 2 रन आए। अब 3 गेंदों में 2 रन चाहिए थे, लेकिन नूर अहमद दूसरे रन के लिए दौड़ते हुए रन आउट हो गए। अफगानिस्तान 187 रन पर ऑलआउट हो गया और मैच टाई हो गया।
पहला और दुसरा सुपर ओवर भी रहा टाई
मैच सुपर ओवर में पहुंचा। पहले सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने बल्लेबाजी करते हुए 17 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीका ने भी 17 रन ही बना लिए। इसके साथ ही मुकाबला दूसरे सुपर ओवर में चला गया। दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 23 रन ठोक दिए। अफगानिस्तान इस दबाव को झेल नहीं सका और लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाया। इसी के साथ साउथ अफ्रीका ने यह रोमांचक मुकाबला अपने नाम कर लिया। साउथ अफ्रीका की जीत की नींव पहले ही रख दी गई थी। क्विंटन डिकॉक ने 41 गेंदों में 59 रन बनाए, जबकि रायन रिकल्टन ने सिर्फ 28 गेंदों में 61 रन ठोक दिए। रिकल्टन का स्ट्राइक रेट 217 से ज्यादा रहा।




