नई दिल्ली, रफ्तार। टीम इंडिया के तेज गेंदबाज एवं अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित मोहम्मद शमी फिलहाल क्रिकेट से दूर हैं। वह वनडे वर्ल्ड कप 2023 में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। शमी ने अपने टखने का ऑपरेशन कराया, उसके बाद से फिट नहीं हुए हैं। एक यूट्यूब चैनल पर दिए इटरव्यू में 34 वर्षीय शमी ने संन्यास के सवाल पर कहा कि जिस दिन क्रिकेट से बोर हो जाऊंगा, उस दिन टाटा बाय-बाय कह दूंगा।
जिस दिन खुद पर विश्वास नहीं होगा, उस दिन थैंक यू वेरीमच कह दूंगा
शमी ने कहा कि टी-20, वनडे या टेस्ट में मैदान पर रहूंगा तो लोगों को मुझे बीट करना होगा। मैं बुढ़ापे में भी इतना कॉन्फिडेंस रखूंगा। मैं मैदान पर तभी खड़ा होउंगा, जब मुझे भरोसा होगा। जिस दिन खुद पर विश्वास नहीं हुआ, मैं उस दिन खुद सोशल मीडिया पर फोटो डालकर कह दूंगा थैंक यू वेरीमच!
युवा खिलाड़ी की जगह खराब नहीं करूंगा
शमी ने यह भी कहा कि कोशिश यही है मैं तब तक क्रिकेट खेलूं, जब तक मुझे ये महसूस न हो कि मैं युवा खिलाड़ी की जगह खराब कर रहा या मुझे जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे पूरी तरह नहीं निभा पा रहा हूं। उस वक्त मेरा फर्ज बनता है कि मैं इस्तीफा दे दूं। मुझे इसी बात पर यकीन है अभी मैं इस मूड पर नहीं हूं।
रिहैब से गुजर रहे गेंदबाज
फिलहाल मोहम्मद शमी रिहैब से गुजर रहे हैं। उन्हें श्रीलंका दौरे के लिए टीम में नहीं चुना गया है। बांग्लादेश दौर के लिए भी चुने जाने की संभावना कम है। हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में वह खेलते नजर आ सकते हैं।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:– www.raftaar.in





