नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। इटली की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। यह टूर्नामेंट अगले साल भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में फरवरी-मार्च 2026 में आयोजित किया जाएगा। इटली ने अपने प्रदर्शन से सबको चौंका दिया और टी20 वर्ल्ड कप जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में जगह बनाकर क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। लंबे समय से फुटबॉल के लिए मशहूर इस यूरोपीय देश ने अब क्रिकेट के बड़े मंच पर दस्तक दे दी है।
बता दें कि इटली के साथ-साथ नीदरलैंड्स की टीम ने भी 2026 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इन दोनों टीमों का विश्व कप में पहुंचना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नए संतुलन और बढ़ती प्रतिस्पर्धा का संकेत है। भारत और श्रीलंका की सरजमीं पर आयोजित होने वाला यह टूर्नामेंट 2026 में कई नए इतिहास रचने जा रहा है।
अब तक 15 टीमें तय, 5 टीमों का चयन बाकी
2026 टी20 वर्ल्ड कप में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी। इटली और नीदरलैंड्स के क्वालीफाई करने के बाद अब तक 15 टीमें टूर्नामेंट के लिए तय हो चुकी हैं। मेजबान भारत और श्रीलंका के अलावा अब तक अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, इंग्लैंड, अमेरिका, वेस्टइंडीज, आयरलैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और कनाडा वर्ल्ड कप में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। अब केवल 5 टीमों का चयन होना बाकी है, जो आगामी क्वालीफायर मुकाबलों के जरिए तय होंगी।
2026 टी20 वर्ल्ड कप का फॉर्मेट कैसा होगा?
2026 टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से करेंगे। यह दूसरी बार होगा जब ये दोनों देश मिलकर किसी टी20 विश्व कप टूर्नामेंट की मेजबानी करेंगे। हालांकि टूर्नामेंट की तारीखों की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन इसके मैच अगले साल फरवरी से मार्च के बीच खेले जाने की संभावना है।
इस टूर्नामेंट का प्रारूप 2024 टी20 वर्ल्ड कप जैसा ही रहेगा। इस बार भी कुल 20 टीमें इस वैश्विक प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। सभी टीमों को चार ग्रुपों में बांटा जाएगा, प्रत्येक ग्रुप में 5-5 टीमें होंगी। हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सुपर-8 चरण में प्रवेश करेंगी। सुपर-8 राउंड में दो ग्रुप बनाए जाएंगे, जिनमें चार-चार टीमें शामिल होंगी। इसके बाद, हर ग्रुप से टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। अंत में, दोनों सेमीफाइनल विजेता टीमें फाइनल मुकाबले में आमने-सामने होंगी।




