नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले युवा क्रिकेटर विपराज निगम को जान से मारने की धमकी मिली है। एक महिला द्वारा उन्हें फोन पर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है।
अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल, लीक वीडियो की धमकी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विपराज निगम को अंतरराष्ट्रीय नंबरों से बार-बार कॉल आ रही थीं। एक महिला ने उनसे कुछ डिमांड्स (मांगें) रखीं और कहा कि अगर उन्होंने इन्हें पूरा नहीं किया, तो वह उनका एक वीडियो ऑनलाइन लीक कर देगी। यह घटना रविवार, 9 नवंबर की बताई जा रही है। शुरुआत में विपराज ने उन कॉल्स को ब्लॉक कर दिया, लेकिन महिला ने नए नंबरों से फिर कॉल करना शुरू कर दिया।
क्रिकेटर ने की पुलिस में शिकायत
लगातार कॉल और धमकियों से परेशान होकर 21 वर्षीय विपराज निगम ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला उन्हें सार्वजनिक रूप से बदनाम करने और मानसिक रूप से परेशान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कॉल डिटेल्स, डिजिटल साक्ष्य और कॉल की लोकेशन निकालने की प्रक्रिया जारी है।विपराज निगम के परिवार ने इस घटना पर गहरी चिंता जताई है। परिवार का कहना है कि वे नहीं चाहते कि विपराज किसी विवाद में उलझें, क्योंकि उनका पूरा ध्यान क्रिकेट करियर पर केंद्रित है।
IPL 2025 से मिली पहचान
विपराज निगम उत्तर प्रदेश से डोमेस्टिक क्रिकेट खेलते हैं। उन्हें IPL 2025 सीजन में दिल्ली कैपिटल्स ने 50 लाख रुपये में खरीदा था। उन्होंने पिछले सीजन में 14 मैचों में 142 रन बनाए और 11 विकेट झटके, जिससे वे सुर्खियों में आए थे। दिल्ली पुलिस इस मामले की तकनीकी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही कॉल करने वाली महिला की पहचान और लोकेशन का खुलासा किया जाएगा। युवा क्रिकेटर विपराज निगम के साथ हुआ यह मामला IPL खिलाड़ियों की सुरक्षा और प्राइवेसी को लेकर गंभीर सवाल उठाता है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और परिवार ने अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अफवाह पर विश्वास न किया जाए।
वॉट्सऐप पर भी जुड़ें हमारे साथ, जॉइन करें Raftaar News |




