नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारत बनाम बांग्लादेश पहले टेस्ट में अपनी छाप छोड़ने के बाद भारतीय टीम कानपुर मुकाबले के लिए तैयार नजर आ रही है। दूसरा टेस्ट (Ind vs Ban 2nd Test) कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाना है जिसके प्रैक्टिस सेशन के लिए दोनों टीमें आज कानपुर पहुंच सकती हैं।
टीम इंडिया में हो सकता है बदलाव
टीम इंडिया चेन्नई टेस्ट में 3 तेज गेंदबाजों और 2 स्पिन गेंदबाजों के साथ उतरी थी। हालांकी कानपुर टेस्ट में टीम इंडिया में बदलाव देखने को मिल सकता है। दूसरे टेस्ट में काली मिट्टी की पिच का इस्तेमाल किया जाएगा जो खेल के शुरुआती दौर में तेज गेंदबाजों के लिए मददगार साबित होगा। हालांकि टेस्ट मैच जैसे ही आगे बढ़ेगा पिच धीमी होती जायेगी जो स्पिन गेंदबाजों के हित में काम करेगी। इस पिच कंडीशन को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम में 3 स्पिन गेंदबाज कुलदीप, अश्विन और जडेजा को खिलाया जा सकता है जबकि तेज गेंदबाज के तौर पर बुमराह और सिराज को मौका मिल सकता है। पहले टेस्ट में धारदार गेंदबाजी करने वाले आकाशदीप का पत्ता कट सकता है।
मौसम डाल सकता है रंग में भंग
ग्रीन पार्क स्टेडियम के पिच क्यूरेटर ने जानकारी दी कि यहां की विकेट टेस्ट क्रिकेट के हिसाब से सबसे सटीक पिच है जो शुरुआती सत्र में तेज गेंदबाजों को बाउंस देती है जबकि धीरे धीरे स्लो होने के बाद स्पिन के लिए आदर्श हो जाती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 27 और 28 सितंबर को हल्की बारिश होने की संभावना है। ऐसे में पिच गीली होने के बाद तेज गेंदबाजों की गति में बढ़ोतरी कर सकती है।
उल्लेखनीय है कि भारत को पहले टेस्ट के लिए चुनी गई टीम को लेकर भी आलोचना का सामना करना पड़ा था। हालांकि जब यह तथ्य सामने आया कि चेपॉक की परंपरागत पिच के बजाय यह मुकाबला स्लो पिच पर होगा, तब यह फैसला कारगर साबित होता दिखा।




