नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारत-बांग्लादेश (Ind vs Ban 2nd Test) के बीच कानपुर में चल रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में बांग्लादेश के सुपर फैन रॉबी से मारपीट का मामला सामने आया है। टाइगर रॉबी (Tiger Robby) का कहना है कि भारतीय फैंस ने उनके साथ बदतमीजी की और वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने भी उनके साथ मारपीट की। बांग्लादेशी फैंस की हालत इतनी बिगड़ गई कि उनको आनन फानन में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
भारतीय प्रशंसक और बांग्लादेश के सुपर फैन के बीच हुई हाथापाई
कानपुर में चल रहे भारत-बांग्लादेश के बीच दूसरे मुकाबले में उस वक्त भारी बवाल हो गया जब भारतीय फैंस और बांग्लादेश टीम के सुपर फैन रॉबी के बीच मारपीट की घटना सामने आई। मिल रही जानकारी के आधार पर बताया जा रहा है कि रॉबी बांग्लादेश का झंडा लेकर आगे जा रहे थे जिसे लेकर वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने आपत्ति जाहिर की। सुरक्षाकर्मियों की बात न मानने पर कथित तौर पर उनसे मारपीट की गई। रॉबी ने बताया कि उन्होंने मेरी पीठ और पेट पर प्रहार किया था। आनन फानन में पीडित को अस्पताल भेज दिया गया था। पुलिस ने रॉबी के आरोपों का संज्ञान लिया है और आगे की कार्यवाई कर रही है।
हिंदू महासभा ने किया था मैच का विरोध
6 अक्टूबर को भारत बांग्लादेश के बीच होने वाले मैच को लेकर ग्वालियर में हिंदू महासभा ने विरोध का ऐलान किया था। हिंदू महासभा का कहना है कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहें हैं ऐसे में सीरीज नहीं होनी चाहिए। दूसरे मुकाबले के लिए भी महासभा ने स्टेडियम (Green Park Stadium) के सामने हवन का ऐलान किया था। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर सकती है, हालांकि अभी पुलिस ने इस बारे में कोई भी स्पष्टीकरण जारी नहीं किया है।




