नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तहत पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा मुकाबला 26 दिसंबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में शुरू होगा। इस टेस्ट मैच को बॉक्सिंग-डे टेस्ट कहा जा रहा है। बॉक्सिंग नाम सुनकर आप सोच रहे होंगे कि इस शब्द का संबंध मुक्केबाजी से है । लेकिन ऐसा नहीं है। चलिए जानते हैं कि Boxing Day क्या है और हर साल 26 दिसंबर को बॉक्सिंग डे मैच क्यों खेला जाता है।
क्या है Boxing Day?
बॉक्सिंग डे हर साल 26 दिसंबर को मनाया जाता है। ऐतिहासिक रूप से कई देशों में लोग क्रिसमस के दूसरे दिन जरूरतमंदों को खाना, कपड़े या दूसरे तोहफे दान में दिया करते थे। इसकी शुरुआत ब्रिटेन में हुई थी और धीरे-धीरे ये उन सभी देशों में मनाया जाने लगा था जो ब्रिटेन के अधीन थे। इस दिन का नाम बॉक्सिंग डे क्यों पड़ा इसके पीछे कुछ कहानियां बताई जाती हैं। पहली कहानी ये कि आम तौर पर लोग चर्च की दानपेटी (Donation Box) में पैसे दान करते थे, उस बॉक्स के पैसे फिर गरीबों में बांट दिए जाते थे। दूसरी कहानी ये है कि ज्यादातर लोग क्रिसमस के दूसरे दिन अपने कर्मचारियों को गिफ्ट में क्रिसमस बॉक्स दिया करते थे।
एक तीसरी कहानी ये है कि क्रिसमस की अगली सुबह चर्च के बाहर क्रिसमस बॉक्स रख दिए जाते थे। ये बॉक्स जरूरतमंद उठाकर ले जाते थे। इसी से इस दिन का नाम बॉक्सिंग डे पड़ा। इस दिन के महत्व को देखते हुए मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर हर साल 26 दिसंबर को Boxing Day Test Match खेला जाता है। ऑस्ट्रेलियाई टीम हर साल बॉक्सिंग-डे टेस्ट खेलती है।
कब से शुरू हुआ बॉक्सिंग डे टेस्ट
ये परंपरा रही है कि, बॉक्सिंग-डे टेस्ट मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर ही खेला जाता है। इतिहास देखें तो इसकी शुरुआत सबसे पहले ऑस्ट्रेलिया ने साल 1950 में की थी।ये मैच ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेला गया था। इन दोनों टीमों के बीच खेला गया मुकाबाला 22 दिसंबर से शुरू हुआ और इस मैच का पांचवां दिन 26 दिसंबर को था। फिर हर साल यह तय होने लगा कि 26 दिसंबर को बॉक्सिंग-डे टेस्ट मैच खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया में यह परंपरा बन गई है। हालांकि, 1953 और 1967 में बॉक्सिंग-डे टेस्ट मैच नहीं हुआ था।
इसमें एक और दिलचस्प बात सामने आई कि साल 1974-75 एशेज सीरीज खेली जानी थी, और छह टेस्ट मैचों की टेस्ट सीरीज का एक मैच मेलबर्न में 26 दिसंबर से शुरू हुआ। तब से इसी तारीख को मैच शुरू होने की परंपरा बन गई। 1980 में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड ने ये तय कर दिया कि हर साल 26 दिसंबर से बॉक्सिंग-डे टेस्ट शुरू होगा। तब से हर साल इसी तारीख से मैच शुरू होता है।
कब-कब हुए IND vs AUS Boxing Day Test
1985: टेस्ट मैच ड्रॉ (मेलबर्न)
1991: भारत आठ विकेट से हारा (मेलबर्न)
1999: भारत 180 रनों से हारा (मेलबर्न)
2003: भारत नौ विकेट से हारा (मेलबर्न)
2007: भारत 337 रनों से हारा (मेलबर्न)
2011: भारत 122 रनों से हारा (मेलबर्न)
2014: टेस्ट मैच ड्रॉ (मेलबर्न)
2018: भारत 137 रनों से जीता (मेलबर्न)
2020: भारत आठ विकेट से जीता (मेलबर्न)





