नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश विधानसभा के सत्र के दौरान सोमवार को जोरदार हंगामा देखने को मिला। कोडीन कफ सिरप के मुद्दे पर विपक्ष और सरकार के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद विपक्षी विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला और बिना नाम लिए नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि देश में दो नमूने हैं।
CM योगी ने सदन में क्या कहा?
सीएम योगी ने कहा- देश के अंदर दो नमूने हैं एक दिल्ली में बैठता है और दूसरा लखनऊ में। जब देश में कोई चर्चा होती है, तो वे तुरंत देश छोड़कर भाग जाते हैं। मुझे लगता है आपके बबुआ के साथ भी यही हो रहा है। वो फिर इंग्लैंड घूमने निकल जाएंगे और आप लोग यहीं चिल्लाते रह जाएंगे। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद सदन में शोर-शराबा बढ़ गया।
कोडीन कफ सिरप पर CM योगी का जवाब
कोडीन कफ सिरप के मुद्दे पर बोलते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने साफ कहा कि उत्तर प्रदेश में इससे एक भी मौत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यूपी में कोडीन कफ सिरप का निर्माण नहीं होता। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय इसके सरगना को लाइसेंस दिया गया था। मुख्यमंत्री के मुताबिक इस मामले में अब तक 225 लोग नामजद किए गए हैं और 78 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि समय आने पर बुलडोजर भी चलेगा और कोडीन मामले में कोई भी अपराधी नहीं बचेगा।
सपा का आरोप- बड़े लोगों तक नहीं पहुंच रही कार्रवाई
इस मुद्दे पर सपा विधायक अतुल प्रधान ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कोडीन कफ सिरप के मामले में इतने बड़े लोग शामिल हैं कि उन तक हाथ नहीं पहुंच रहा है। अतुल प्रधान ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र से जुड़े शुभम जयसवाल दुबई चला गया और जैसे ही अमित सिंह टाटा का नाम सामने आया, यह साफ हो गया कि भ्रष्टाचार की जड़ें सत्ता-संरक्षित लोगों तक फैली हुई हैं। विधानसभा की कार्यवाही के दूसरे दिन उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि राज्य के अस्पतालों में मुफ्त जांच की जा रही है और इलाज की सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि जिला अस्पतालों में आईसीयू बेड मौजूद हैं और गरीबों का निशुल्क इलाज किया जा रहा है। अनुपूरक बजट पर सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार कई बार अनुपूरक बजट लाती है, लेकिन उसे खर्च नहीं कर पाती, जिससे उसकी नाकामी उजागर होती है। वंदे मातरम् के मुद्दे पर शिवपाल यादव ने कहा कि वंदे मातरम् का सभी सम्मान करते हैं, लेकिन सरकार जरूरी मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे विषय उठाती है।




